बहादुरगढ़ शहर 28 अप्रैल को एक ऐसे भव्य आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है, जिसकी चर्चा पूरे हरियाणा में हो रही है। बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून ने अपने पुत्र सचिन जून के विवाह को केवल पारिवारिक समारोह तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे पूरे विधानसभा क्षेत्र के लिए एक सामाजिक उत्सव का रूप दे दिया है। विधायक ने स्वयं गांव-गांव और शहर के प्रत्येक घर तक पहुंचकर लोगों को शादी का निमंत्रण दिया है। इस विशेष निमंत्रण को स्थानीय भाषा में ‘चूल्हा न्यौता’ कहा जा रहा है, जिसका अर्थ है कि पूरे क्षेत्र को परिवार का हिस्सा मानकर भोजन का आमंत्रण देना। दूल्हा-दुल्हन का परिचय दूल्हे सचिन जून व्यवसाय से जुड़े हुए हैं और पारिवारिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वहीं उनकी होने वाली पत्नी डॉ. सनोज एक शिक्षित और प्रतिष्ठित परिवार से संबंध रखती हैं। उन्होंने MBBS की पढ़ाई की है। इसके बाद MHA (Master of Hospital Administration) की डिग्री प्राप्त की डॉ. सनोज के पिता हरियाणा पुलिस में इंस्पेक्टर थे, जिनका निधन हो चुका है। उनकी माता गृहिणी हैं। ,डेढ़ लाख लोगों के लिए होगा विशाल महाभोज 28 अप्रैल को आयोजित होने वाले इस समारोह में करीब डेढ़ लाख से अधिक लोगों के एक साथ भोजन करने की व्यवस्था की जा रही है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के लिए भोजन की तैयारी अपने आप में एक रिकॉर्ड स्तर का आयोजन माना जा रहा है। यह कार्यक्रम बहादुरगढ़ के सेक्टर-9 स्थित सिटी मार्केट के खाली मैदान में आयोजित होगा, जहां विशाल स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 15 एकड़ क्षेत्र में सजाया जा रहा आयोजन स्थल पूरे आयोजन के लिए लगभग 15 एकड़ भूमि का उपयोग किया जा रहा है, जहां 14 विशाल पंडाल लगाए जा रहे हैं। इन पंडालों में आम मेहमानों के बैठने, भोजन और विश्राम की व्यापक व्यवस्था की गई है। वहीं विशेष अतिथियों के स्वागत के लिए करीब 10 हजार लोगों की क्षमता वाला एयर कंडीशनर टेंट अलग से तैयार किया जा रहा है। आयोजन स्थल को विवाह समारोह की थीम के अनुसार विशेष रूप से सजाया जा रहा है। सुरक्षा और व्यवस्था के लिए भारी स्टाफ तैनात इतने बड़े जनसमूह को देखते हुए आयोजन की व्यवस्थाएं भी उसी स्तर की की गई हैं। मेहमानों की सेवा के लिए 700 वेटर तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 200 बाउंसर लगाए जाएंगे। पार्किंग प्रबंधन के लिए 150 कर्मचारियों की अलग टीम बनाई गई है। इसके अलावा परिवार के सदस्य भी स्वयं अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालते हुए मेहमानों की आवभगत पर विशेष ध्यान देंगे। सैकड़ों व्यंजनों से सजेगा महाभोज इस आयोजन का सबसे आकर्षक हिस्सा महाभोज का विशाल मेन्यू होगा। भोजन के लिए छह अलग-अलग सेक्शन बनाए जा रहे हैं, जिनमें साउथ इंडियन, नॉर्थ इंडियन, पारंपरिक हरियाणवी और देशी व्यंजन शामिल होंगे। वीआईपी और आम मेहमान में नहीं होगा कोई फर्क इस आयोजन की विशेषता यह भी है कि भोजन और आतिथ्य के स्तर पर वीआईपी तथा आम मेहमानों के बीच किसी प्रकार का भेदभाव नहीं रखा जाएगा। विधायक परिवार ने स्पष्ट किया है कि हर आने वाला अतिथि उनके लिए समान रूप से सम्माननीय है। बैंडबाजे से बनेगा उत्सवी माहौल मेहमानों के स्वागत के लिए विभिन्न राज्यों से विशेष बैंड-बाजे और स्वागत दल बुलाए गए हैं। प्रवेश द्वारों से लेकर भोजन स्थल तक भव्य सजावट की जा रही है, जिससे पूरा आयोजन किसी बड़े सामाजिक महोत्सव जैसा दिखाई देगा। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित अनेक राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। इसके चलते यह समारोह राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पहली बार पूरे हलके को शादी का न्यौता स्थानीय लोगों का कहना है कि बहादुरगढ़ के इतिहास में पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है जब किसी विधायक ने स्वयं पूरे विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर हर गांव और शहर के घरों तक शादी का निमंत्रण पहुंचाया हो। यही कारण है कि लोग इसे केवल शादी नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र का सामूहिक उत्सव मान रहे हैं। उत्तराखंड के मंदिर में होगी विवाह की रस्में महाभोज के बाद विवाह की मुख्य रस्में उत्तराखंड के प्रसिद्ध त्रियुगी नारायण मंदिर में संपन्न होंगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यही वह स्थान माना जाता है जहां भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। इसी पावन स्थल पर सचिन जून और डॉ. सनोज सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत करेंगे।