बिहार के 14 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट:कई जिलों में सुबह-सुबह छाए बादल; अगले 5 दिन ऐसा ही रहने वाला है मौसम

बिहार में बारिश और बादल छाने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है। राज्य के कई जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज भी 14 जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली के साथ ही ओले भी गिर सकते। साथ ही 50km प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। विभाग ने अगले 5 दिनों तक आंधी-बिजली, बारिश और ओला गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया है। राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने और पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव दिख रहा है। विभाग ने 10 मई से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई है, जिसके कारण अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य बना रह सकता है। बीते 24 घंटे में जमुई, रोहतास, गयाजी समेत 5 जिलों में तेज बारिश हुई। गयाजी, रोहतास, लखीसराय में बारिश के साथ ओले भी गिरे और कई जिलों में बादल छाए रहे। देखें मौसम से जुड़ी कुछ तस्वीरें… अगले चार दिनों तक आंधी-बारिश का अलर्ट मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बिहार में अगले चार दिनों तक बारिश और आंधी का दौर जारी रह सकता है। 8 मई: उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। 9 मई: राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। 10 मई: दक्षिण और मध्य बिहार में आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। 11 मई: सीमांचल और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पटना में कैसा रहेगा मौसम राजधानी में भी मौसम सुहावना बना रह सकता है। विभाग के अनुसार, शुक्रवार को पटना में बादल छाए रहने, हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिनभर उमस कम रहने और बीच-बीच में हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि शाम और रात के समय गरज के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। आखिर क्यों बदला हुआ है मौसम मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बिहार में इस समय मौसम बदलने का मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से वातावरण में अस्थिरता बढ़ रही है, जिससे बादल बन रहे हैं और बारिश हो रही है। इसके अलावा पूर्वी हवाएं लगातार नमी लेकर आ रही हैं। यही वजह है कि राज्य में तेज गर्मी नहीं पड़ रही और तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग का मानना है कि 10 मई के बाद सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण इसी तरह का मौसम कुछ और दिनों तक बना रह सकता है। किसानों और लोगों के लिए एडवाइजरी मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। किसानों को खेतों में काम रोकने और कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने को कहा गया है। लोगों से अपील की गई है कि बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान में न रहें। बारिश और बिजली चमकने के समय पेड़, बिजली के खंभों और जलाशयों से दूर रहें। तेज हवा के दौरान कमजोर ढांचों और टीन शेड के नीचे खड़े होने से भी बचने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *