सुल्तानगंज एग्जीक्यूटिव अफसर (EO) हत्याकांड के आरोपी रामधनी यादव के एनकाउंटर पर उसकी बेटी प्रियंका ने सवाल उठाया है। उसने कहा- ‘पापा सरेंडर करने गए थे, फिर बाद में खबर मिली की एनकाउंटर हो गया।’ वहीं, पुलिस का दावा है कि गोली पहले रामधनी ने चलाई। इन सवालों के बीच हमने बीते 4 महीने में हुए 3 फुल और 5 हाफ एनकाउंटर का एनालिसिस किया। जिसमें बिहार पुलिस की एक सेट थ्योरी सामने आई। आज के एक्सप्लेनर ‘बूझे की नाहीं’ में एनकाउंटर पर पुलिस की सेट थ्योरी…। फुल एनकाउंटर में बदमाश घिरे, चली 30 गोलियां एनकाउंटर-1ः 50 हजार का इनामी नक्सली एरिया कमांडर मारा गया तारीख-31 दिसंबर 2025, जगह-बेगूसराय पिपरा दोदराज पंचायत अंतर्गत नोनपुर गांव के वार्ड नंबर-5 में जिला पट्टी बगीचा में नक्सलियों के साथ STF की मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी कुख्यात नक्सली दयानंद मालाकार उर्फ छोटू मालाकार मारा गया। पुलिस के मुताबिक, STF को सूचना मिली थी कि नोनपुर क्षेत्र में नक्सलियों की बैठक चल रही है। सूचना पर पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। टीम सादी वर्दी में 3 मोटरसाइकिल से गई। जैसे ही पुलिस टीम जिला पट्टी बगीचा के पास सरसों के खेत वाले इलाके में पहुंची, पहले से घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की। दोनों ओर से करीब 25 से 30 राउंड गोलियां चली। खेतों और झाड़ियों का फायदा उठाकर नक्सली इधर-उधर छिपते हुए गोलीबारी कर रहे थे। इसमें पुलिस की गोली से छोटू मारा गया। एनकाउंटर-2ः 300 किलो सोने का लुटेरा एनकाउंटर में मारा गया तारीख-6 फरवरी, जगह-वैशाली STF और वैशाली पुलिस ने कुख्यात सोना लुटेरा प्रिंस उर्फ अभिजीत उर्फ चश्मा को एनकाउंटर में मार गिराया। प्रिंस सुबोध सिंह गैंग का शार्प शूटर था। उस पर 2 लाख रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक, वैशाली सदर थाना के हनुमाननगर कॉलोनी में पुलिस ने उसे घेर लिया। अपने को घिरता देख प्रिंस और उसके साथी त्रिलोकी कुमार उर्फ रिशु ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से करीब 30 राउंड गोलियां चलीं। पुलिस की गोली से प्रिंस और रिशु दोनों घायल हो गए। दोनों को सदर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। घायल रिशु को गिरफ्तार कर लिया गया। एनकाउंटर-3ः अफसर की हत्या करने वाला रामधनी यादव का एनकाउंटर तारीख-28 अप्रैल, जगह- भागलपुर EO हत्याकांड के आरोपी को 12 घंटे के अंदर पुलिस ने ढेर कर दिया। भागलपुर में मंगलवार शाम 4 बजे सुल्तानगंज नगर परिषद ऑफिस में एग्जीक्यूटिव अफसर की हत्या हुई थी। बदमाशों ने चेयरमैन को भी गोली मारी थी। भागलपुर SSP प्रमोद यादव ने बताया, ‘पुलिस ने CCTV के आधार पर एक अपराधी रामधनी यादव की पहचान की थी। रामधनी डिप्टी चेयरमैन का पति है। रामधनी ने गिरफ्तारी के डर से थाने में सरेंडर किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हथियार के बारे में कड़ाई से पूछताछ की तब उसने गांव के खेत में हथियार छिपाने की बात कही। जब पुलिस टीम उसे लेकर खेत पहुंची, तब उसे आशंका हुई कि हथियार बरामद होने पर कई अहम कनेक्शन उजागर हो जाएंगे। इसी दौरान रामधनी के सहयोगी पुलिस टीम का पीछा कर रहे थे। मौका पाकर सहयोगियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। रामधनी ने भी पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसमें डीएसपी नवनीत कुमार समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने कई राउंड फायरिंग की, जिसमें रामधनी के सीने में गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे इलाज के लिए मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’ हाफ एनकाउंटर…अपराधी ने 2 गोली चलाई हाफ एनकाउंटर-1ः 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार तारीख-2 जनवरी, जगह-पटना पटना पुलिस और STF की टीम ने 25 हजार के इनामी कुख्यात कॉन्ट्रैक्ट किलर मैनेजर राय को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि मैनेजर राय स्कूटी से खगौल इलाके में आया हुआ है। पुलिस और STF की टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख वह स्कूटी छोड़कर भागने लगा। जब पुलिस ने रुकने को कहा तो उसने 2 राउंड फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मैनेजर राय के पैर के घुटने के नीचे गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। हाफ एनकाउंटर-2ः कुख्यात प्रह्लाद को लगी गोली, गिरफ्तार तारीख-11 जनवरी, जगह- पटना बाढ़ थाना क्षेत्र के पूरा गांव से हरौली जाने वाली सड़क पर मुठभेड़ के बाद पुलिस ने कुख्यात अपराधी प्रह्लाद कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में प्रह्लाद के पैर में गोली लगी है। पुलिस को प्रह्लाद की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद सुबह 3 बजे से इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी गई। सुबह करीब 6 बजे जब पुलिस और प्रह्लाद का आमना-सामना हुआ, तो खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर 2 राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो अपराधी के पैर में लगी। गिरफ्तारी के बाद तलाशी में पुलिस ने प्रह्लाद के पास से एक देसी कट्टा और 6 कारतूस बरामद किए हैं। हाफ एनकाउंटर-3ः पुलिस ने कुख्यात को पैर में मारी गोली, गिरफ्तार तारीख-15 जनवरी, जगह- पटना मनेर के रतनटोला में मनेर थाना और STF ने हाफ एनकाउंटर के बाद कुख्यात को गिरफ्तार कर लिया। कुख्यात नीतीश कुमार को पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के लिए रात 11 बजे रतन टोला में घेरेबंदी की थी। पुलिस को देखते ही नीतीश ने दो गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में एक गोली चलाई जो उसके बाएं पैर में लग गई। नीतीश मनेर थाना के चोरासी गांव का रहने वाला है। 9 जनवरी को नीतीश और अन्य 2 अपराधियों ने मनेर के रसूलपुर गांव के रहने वाले आभूषण कारोबारी संजय सोनी को हथियार के बल पर रोक लिया था। विरोध करने पर संजय सोनी पर नीतीश ने गोली चला दी थी। गोली सोनी के कंधे पर लगी थी, पर लूट नहीं हो सकी थी। हाफ एनकाउंटर-4ः लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बिहार इंचार्ज मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार तारीख- 22 जनवरी, जगह- पटना मसौढ़ी में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के बिहार प्रभारी परमानंद यादव और एसटीएफ व पटना पुलिस के बीच सुबह मुठभेड़ हो गई। मसौढ़ी थाना क्षेत्र के सगुनी गांव के पास पटना–गया राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिस ने उसे घेर लिया। अपने को घिरता देख परमानंद यादव ने पुलिस पर 2 राउंड फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में एक गोली चलाई। गोली उसके दाहिने पैर में लगी। पुलिस ने परमानंद के पास से 9 एमएम का एक यूएस मेड पिस्टल, दो खोखा, दो मोबाइल, एक फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किया है। परमानंद यादव झारखंड के लातेहर जिले के चंदवा गांव का रहने वाला है। वह पटना के जक्कनपुर में किराए के मकान में रह रहा था। वहीं से बिहार और झारखंड के कारोबारियों से लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर रंगदारी मांगता था। हाफ एनकाउंटर-5ः 1200 गोलियों की सप्लाई करने पहुंचे तस्करों से मुठभेड़ तारीख-11 मार्च, जगह-पटना का फतुहा फतुहा के नयका रोड से सिरपतपुर जाने वाले ग्रामीण पथ पर गोलियों की डील करने चार तस्कर पहुंचे थे। फतुहा पुलिस और STF को सूचना मिल गई। पुलिस पहुंची तो देखते ही तस्करों ने 2-3 राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तस्कर भोला उर्फ सुंदरम के पैर में गोली लगी। वह घायल हो गया। पुलिस ने भोला के अलावा उसके दो साथियों सुमित कुमार उर्फ गबरु और सत्य रोहण यादव को गिरफ्तार कर लिया। एक तस्कर पिंटू कुमार फरार हो गया। इन तस्करों की स्कॉर्पियो और हैरियर से थ्री फिफ्टीन की 1200 गोलियां और दो देसी कट्टा बरामद किए गए।