बिहार में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। इससे प्रदेश के लोग दिन-रात बेहाल हैं। हालांकि, मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी गुरुवार को प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें 32 जिलों में ऑरेंज और 6 में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इसके साथ ही 60kmph की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम सामान्य रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। अगले एक हफ्ते तक कैसा रहेगा मौसम मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बिहार में अगले सात दिनों तक तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। बीच-बीच में बारिश और बादल छाए रहने से लू और तेज गर्मी से राहत मिलेगी। कई जिलों में दोपहर और शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। हालांकि कुछ इलाकों में उमस बनी रह सकती है, लेकिन भीषण गर्मी जैसी स्थिति नहीं रहेगी। बिहार में मानसून और प्री-मानसून की एंट्री कब मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बिहार में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो रही है। अगले महीने यानी जून के पहले और दूसरे सप्ताह में प्री-मानसून बारिश शुरू हो सकती है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून के बिहार में 12 जून से 18 जून के बीच प्रवेश करने की संभावना है। अगर बंगाल की खाड़ी में सिस्टम मजबूत हुआ तो मानसून तय समय से थोड़ा पहले भी पहुंच सकता है। आखिर अचानक क्यों बदला मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी वाली हवा बिहार की ओर आ रही हैं। वहीं पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय चक्रवाती परिसंचरण के असर से वातावरण में अस्थिरता बढ़ी है। इसकी वजह से प्रदेश में तेज हवा के साथ आंधी-बारिश हुई है। प्री-मानसून के दौरान इस तरह का मौसम सामान्य माना जाता है। पटना में बारिश हो सकती है राजधानी में भी मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पटना में गरज-चमक, तेज हवा और बारिश की संभावना जताई है। शहर में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। दिनभर बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।