हरियाणा के फतेहाबाद में जमीनी विवाद को लेकर एक बेटे ने अपने ही परिवार पर हमला कर दिया। ढाणी रामपुरा में वह अपने साथियों को लेकर पहुंचा। युवकों ने घर पर जमकर पथराव किया और विरोध करने पर परिवार पर लाठी-डंडों और कस्सी से हमला कर दिया। इस हमले में युवक के माता-पिता, भाई-बहन और दादी घायल हो गई। सभी का अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। हमले की पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में नकाबपोश युवक पथराव और लाठियों से हमला करते हुए दिख रहे हैं। इस मामले की शिकायत सदर थाना पुलिस को दी गई है। परिवार पर हमले की तस्वीरें… जानिए व्यक्ति ने शिकायत में क्या आरोप लगाए… 10 एकड़ जमीन का विवाद ढाणी रामपुरा निवासी देशराज ने बताया कि उनके पास 10 एकड़ जमीन है। जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से उनका अपने बड़े बेटे मंगत के साथ विवाद चल रहा है। इस मुद्दे पर कई बार पंचायतें भी हुईं, लेकिन मामला सुलझ नहीं पाया। घर के दरवाजे-खिड़कियां तोड़ीं देशराज के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे मंगत अपने 15-20 साथियों के साथ ढाणी पर पहुंचा और अचानक हमला बोल दिया। युवकों ने पहले हंगामा किया, फिर फायरिंग कर दहशत फैलाई और इसके बाद घर पर जमकर पथराव किया। हमले में घर के दरवाजे, खिड़कियों के शीशे और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए। युवकों के हाथों में डंडे, लाठियां और कस्सी थीं। हमले में पांच लोग घायल हुए हमले में देशराज, उनकी पत्नी प्रकाश कौर, मां प्यारो, छोटे बेटे राजेंद्र और बेटी अनुराधा भी घायल हो गई। सभी घायलों को पहले नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना के बाद भी बेटा लगातार धमकियां दे रहा है, जिससे परिवार में दोबारा हमले का डर बना हुआ है। SHO बोले- आरोपियों की पहचान कर रहे सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।