बेतिया- 8वीं के छात्र को पेड़ से लटकाकर पीटा, VIDEO:अर्धनग्न कर जूते-बेल्ट बरसाए, थूक भी चटवाया; नाबालिग के लड़की से बातचीत करने पर विवाद

बेतिया में रविवार को 8वीं कक्षा के एक छात्र को अर्धनग्न अवस्था में पेड़ से लटकाकर पीटने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में 4 से 5 लड़के छात्र को बेल्ट, जूता-चप्पल से बेरहमी से पीटते दिखाई दे रहे हैं। इतना ही नहीं, आरोपी पीड़ित छात्र को जूता देकर उस पर थूककर चाटने के लिए दबाव बनाते नजर आ रहे हैं। जब छात्र ऐसा करने से इनकार करता है तो उसे थप्पड़ और बेल्ट से पीटकर मजबूर किया जाता है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने स्कूल संचालक और एक आरोपी समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि एक लड़की से बातचीत को लेकर छात्र की पिटाई की गई। घटना 13 मई की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सामने आया है। पूरा मामला मझौलिया प्रखंड के सरिसवा तेलिया पट्टी गांव का है। पहले छात्र की पिटाई की 4 तस्वीरें… छात्र के लड़की से बातचीत करने पर विवाद पीड़ित छात्र अंशु प्रिया पब्लिक स्कूल में 8वीं कक्षा का छात्र है। वह मोहछि बनकटवा रतनमाला वार्ड-2 में अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई करता है। छात्र ने बताया कि वह स्कूल से साइकिल लेकर घर जा रहा था, तभी रास्ते में 4 से 6 लड़कों ने उसे रोक लिया। इसके बाद सभी उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। पीड़ित के अनुसार, जब उसने गाली देने का कारण पूछा तो आरोपियों ने कहा, “तुम्हारे साथ जो लड़की पढ़ती है, उसे राखी बांधोगे कि नहीं?” जब उसने इससे इनकार किया तो सभी उसके साथ मारपीट करने लगे। छात्र ने बताया कि इसके बाद एक लड़के ने फिर वही सवाल पूछा। जब उसने दोबारा मना किया तो आरोपी ने कई थप्पड़ मारे। कुछ देर बाद दूसरे लड़के ने आकर वही सवाल पूछा और लगातार चार थप्पड़ जड़ दिए। पीड़ित के मुताबिक, तभी एक अन्य आरोपी बोला, “सुनील के आने दो।” इसके बाद सभी ने मिलकर लात-घूंसों से पिटाई शुरू कर दी और घरवालों का नंबर मांगने लगे। आरोपियों ने छात्र का कपड़ा निकलवाया, खेत में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा छात्र ने आगे बताया कि कुछ देर बाद आरोपियों ने उसके कपड़े उतरवा दिए, जिससे वह सिर्फ अंडरवियर में रह गया। इसके बाद सभी ने उसे बेल्ट, लात और जूते-चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया। उसने बताया कि जब वह वहां से भागने की कोशिश कर रहा था तो आरोपियों ने उसे खेत में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। फिर पकड़कर उसे पेड़ से बांध दिया गया। इसके बाद एक आरोपी ने उसके चेहरे पर कई बार चप्पल मारी, जबकि दूसरे ने बेल्ट से बेरहमी से पिटाई की। छात्र को जूता पर थूकवाकर 10 बार चटवाया वीडियो में पीड़ित छात्र आरोपियों के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता दिख रहा है, लेकिन इसके बावजूद मारपीट नहीं रोकी गई। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसे जूते पर थूककर चाटने के लिए मजबूर किया। जब उसने इनकार किया तो उसे बेल्ट से पीटा गया। छात्र ने बताया कि आरोपियों ने उससे जूते पर कई बार थूककर चटवाया और फिर उसे लड़की से दूर रहने की चेतावनी दी। वीडियो और शिकायत के मुताबिक, एक आरोपी ने उसे धमकाते हुए कहा कि अब से वह उस लड़की को “दीदी” बोले और खुद को किसी लड़के का “जीजा” बताए। इसके साथ ही उसे बार-बार पिटाई कर वही बातें दोहराने के लिए मजबूर किया गया। पुलिस ने स्कूल प्रबंधक, सरपंच पति और उपसरपंच पति को हिरासत में लिया 8वीं के छात्र के साथ हुई मारपीट और अमानवीय व्यवहार के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अमर कुमार ने बताया कि छात्र से मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद जांच तेज कर दी गई है। इस मामले में विद्यालय संचालक धनंजय कुमार, सरपंच पति अशोक प्रसाद और उपसरपंच पति बदरी साह को हिरासत में लिया गया है। घटना के समय स्कूल शिक्षक सुनील कुमार भी मौजूद था, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और सभी आरोपियों पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *