मंडी में अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़:STF ने 1.38 लाख पौधे किए नष्ट; नशा तस्करों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चलाया

हिमाचल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने मंडी जिले की उपतहसील कटोला के सिलसुलहरी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने करीब 4 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ करते हुए 1 लाख 38 हजार से अधिक पौधों को नष्ट कर दिया। एसटीएफ को इस इलाके में बड़े स्तर पर अफीम की खेती होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाशी के दौरान पुलिस को विस्तृत क्षेत्र में अफीम के लहलहाते पौधे मिले। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 1 लाख 38 हजार से अधिक अफीम के पौधों को नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई न केवल अवैध खेती पर बड़ा प्रहार है, बल्कि नशे के कारोबार में संलिप्त तत्वों के लिए एक कड़ा संदेश भी है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज इस मामले में संलिप्त अज्ञात आरोपियों के खिलाफ पधर पुलिस थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बरत रही है ताकि ऐसी गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके। मामले की पुष्टि करते हुए एसटीएफ के डीएसपी हेम राज ने शुक्रवार को बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नशे की सूचना पुलिस को दें: एसटीएफ एसटीएफ ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी नशे से संबंधित कोई गतिविधि नजर आती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। इससे समाज को नशामुक्त बनाने के इस अभियान को सफल बनाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *