मधुबनी में साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को 24 अप्रैल 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि अंधराठाढ़ी क्षेत्र के कुछ लोग लौकहा रेलवे स्टेशन के आसपास ऑनलाइन नौकरी दिलाने के बहाने वित्तीय धोखाधड़ी कर रहे हैं। सूचना मिलने पर वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिनके निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने सशस्त्र बल के सहयोग से लौकहा रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित एक मकान में छापेमारी की। इस दौरान मौके से नौशाद आलम, मो. नजीबुद्दीन, मो. अनस और मो. तनवीर आलम को गिरफ्तार किया गया। ये सभी आरोपी अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ऑनलाइन नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करते थे। तलाशी के दौरान उनके पास से 7 मोबाइल फोन, 15 सिम कार्ड, 20 एटीएम कार्ड और 5 ग्राहक रजिस्टर बरामद किए गए। सभी बरामद सामानों को विधिवत जब्त कर लिया गया है। मधुबनी एसपी योगेंद्र कुमार ने शुक्रवार रात 8:30 बजे बताया कि मधुबनी साइबर थाना कांड संख्या-20/26, दिनांक 22.04.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट 2000 की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की।