मनीला में पंजाबी युवक की गोली मारकर हत्या:फिरोजपुर का रहने वाला, फाइनांस कारोबारी था; उगाही के लिए जाते समय वारदात

पंजाब के जिला फिरोजपुर के गांव दौलतपुरा के नौजवान की फिलीपींस के मनीला शहर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना 8 मई की है। मृतक की पहचान रणजीत सिंह के रूप में हुई है। रणजीत कर्ज देने का काम करता था और कुछ लोगों से उसकी बहस हुई थी। इसके बाद रणजीत पर घात लगाकर हमला किया गया। उसके सिर में पीछे की तरफ से गोलियां मारी गईं। बताया जा रहा है कि रणजीत परिवार के साथ मनीला में रहता था। परिवार में बड़ा भाई, पत्नी, बेटा और बेटी थे। मौत की सूचना के बाद फिरोजपुर जिले के गांव दौलतपुरा में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए गया था विदेश घटना तब हुई जब रणजीत सिंह अपने काम के सिलसिले में मोटरसाइकिल से बाजार जा रहे थे। हमलावरों ने उन पर अचानक गोली चलाई जिसमें सिर के पिछले हिस्से में भी गोली लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
रणजीत सिंह की उम्र लगभग 39 से 40 साल के बीच थी। कई साल पहले परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए रणजीत मनीला आया था। वहां वे अपने बड़े भाई के साथ फाइनांस और मनी लेंडिंग का कारोबार कर रहा था। घटना के समय गांव आया था बड़ा भाई
पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि घटना के समय रणजीत का बड़ा भाई गांव में आया हुआ था और रणजीत सिंह अकेले ही काम संभाल रहा था। वह रोजीरोटी कमाने के लिए विदेश गया आम पंजाबी नौजवान था जो परिवार की बेहतरी के लिए मेहनत कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार का रो रोकर बुरा हाल है। रणजीत सिंह अपने पीछे पत्नी, 8 साल की बेटी और 4 साल के बेटे को छोड़ गए हैं। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी, सीसीटीवी खंगाल रही
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल अपराधी अज्ञात हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पत्नी ने शक जताया है कि घटना उनके फाइनांस कारोबार से जुड़ी है। पत्नी ने बताया था कि कर्ज वसूली के दौरान कभी-कभी कर्जदारों से परेशानी होती थी। यह घटना प्रवासी पंजाबियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करती है। मनीला जैसे शहरों में मेहनत करने गए भारतीय युवाओं पर ऐसे हमले दुखद हैं। स्थानीय पुलिस जांच जारी रखे हुए है और उम्मीद है कि जल्द ही हमलावरों को पकड़ लिया जाएगा। रणजीत कर्ज की उगाही करने जा रहे थे बाजार
फिलीपींस के मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रणजीत सिंह बड़े भाई के साथ फाइनांस और मनी लेंडिंग का काम कर रहे थे। घटना वाले दिन वे उगाही के सिलसिले में मार्केट जा रहे थे, जब हमलावरों ने उन पर गोली चलाई। पत्नी के बयान के अनुसार, कारोबार में कभी-कभी कर्जदार पैसे नहीं चुकाते थे, जिससे मौखिक विवाद या परेशानी हो जाती थी। पुलिस को भी शक है कि हत्या इसी कारोबार से जुड़ी हो सकती है।उनका कारोबार छोटे स्तर का फाइनेंस बिजनेस था, जिसमें वे लोगों को ऋण देते थे और समय पर वसूली करते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *