महिला ने अस्पताल में दूसरे के बच्चे को बताया अपना:अलीगढ़ में हॉस्पिटल में दवा लेने गई थी, डॉक्टर बोले- बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़

अलीगढ़ के मलखान सिंह जिला चिकित्सालय में दूसरे के बच्चों को दिखाकर सरकारी दवाइयां लेने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बाल रोग विशेषज्ञों ने इसे बच्चों के जीवन से खिलवाड़ बताया है। यह घटना सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के दुरुपयोग और बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.वैभव जैन ने इस फर्जीवाड़े का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि एक महिला अपने बच्चे विशाल के नाम का पर्चा लेकर आई। जब डॉक्टर ने बच्चे को बुलाने को कहा- तो वह कुछ देर बाद एक दूसरे बच्चे को लेकर पहुंची। पूछताछ में उस बच्चे ने अपना नाम सुभान बताया और कहा कि उसकी अम्मी बाहर हैं। महिला ने डॉक्टर से बहस की कि बच्चा विशाल ही है,लेकिन डॉक्टर ने पहले देखे गए बच्चे से पहचान अलग होने की पुष्टि की। इसी तरह,एक अन्य महिला भी दूसरे बच्चे को लेकर दवा लेने पहुंची।पर्चे पर दर्ज नाम अलग था,जबकि बच्चे ने अपना नाम हसीन बताया। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि बिना मरीज की जांच किए दवा देना बच्चों के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है,क्योंकि दवा की खुराक बच्चों की उम्र और वजन के आधार पर निर्धारित होती है। यह मामला केवल नियमों के उल्लंघन तक सीमित नहीं है,बल्कि यह सरकारी स्वास्थ्य प्रणाली में बढ़ती लापरवाही और धोखाधड़ी की गंभीर तस्वीर प्रस्तुत करता है।सवाल उठता है कि मुफ्त दवा प्राप्त करने के लिए लोग बच्चों की पहचान बदलने जैसे कदम क्यों उठा रहे हैं। अस्पताल प्रशासन ने अब ऐसे मामलों पर सख्ती बरतने और पहचान सत्यापन को मजबूत करने की बात कही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *