‘मैं मर रही हूं,मेरे पति को भी जिंदगी भर तड़पाना’:सुसाइड से पहले महिला ने मां को भेजा वॉइस मैसेज; पति से कहा-तुम कर लो दूसरी शादी

‘मां, मैं मर रही हूं। तुम मयंक राज को ऐसी सजा दिलाना कि वो कभी दोबारा शादी न कर पाए। जैसे मैं तड़प-तड़प कर मर रही हूं, वैसे ही वो भी जिंदगी भर तड़पता रहे।’ मरने से पहले ये बातें नेहा कुमारी (23) ने अपनी मां को भेजे वॉइस नोट में कही थी। नेहा ने मायके में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। महिला ने मरने से पहले अपने पति और मां को वॉइस ऑडियो भेजा। नेहा की शादी 24 नवंबर 2025 को महुआ थाना क्षेत्र के भदवास तरौरा गांव निवासी लालबाबू राय के बेटे मयंक राज से हुई थी। मयंक पटना सचिवालय में ग्राम विकास परियोजना में कार्यरत है। घटना महुआ थाना क्षेत्र की है। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही नेहा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। लगातार दबाव, अपमान और तनाव के कारण उसने आत्महत्या कर ली। अब सिलसिलेवार तरीके से पढ़िए पूरी खबर… 5 महीने पहले हुई थी शादी नेहा के भाई निखिल कुमार ने बताया, ‘हमने 5 महीने पहले नेहा की शादी पूरे रीति-रिवाज से की थी। परिवार ने अपनी क्षमता के मुताबिक शादी में खर्च किया था। हमने सोना-चांदी और घर के सामान भी दिए थे। हमें उम्मीद थी कि बहन पढ़े-लिखे परिवार में जाएगी तो सुखी से रहेगी। शादी के 3 महीने तक नेहा-मयंक के बीच सब कुछ ठीक चल रहा था। तीन महीने बाद जब मयंक पटना से छुट्टी लेकर वैशाली आया, तब नेहा ने इच्छा जताई कि इस बार वह भी उसके साथ पटना जाएगी। इस पर मयंक ने कहा कि तुम यहीं रहो और मेरे घरवालों का ध्यान रखो, मैं छुट्टी लेकर घर आता रहूंगा और तुमसे मिलता रहूंगा।’ एक महीने से ससुराल वाले कर रहे थे प्रताड़ित परिवार का आरोप है कि एक महीने पहले मार्च से हालात बदलने लगे थे। पिछले करीब चार सप्ताह से नेहा को ससुराल पक्ष के लोग लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। बार-बार दहेज और गहनों की मांग की जा रही थी। 23 अप्रैल को मायके आई थी नेहा मृतका के भाई ने बताया कि 23 अप्रैल को मयंक राज खुद नेहा को मायके छोड़कर गया था। उस समय जब परिवार वालों ने नेहा से पूछा कि क्या पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ है, तो उसने कहा कि कोई बड़ी बात नहीं है, बस छोटी सी लड़ाई हुई है। नेहा ने परिवार को यह भी बताया था कि ससुराल पक्ष की ओर से पैसों की मांग की जा रही है। इस पर भाई ने कहा था कि वह मयंक से बात करेगा, लेकिन नेहा ने उसे ऐसा करने से रोक दिया। उसने कहा कि बात बढ़ाने की जरूरत नहीं है। 25 अप्रैल को बुलाया था पटना परिजनों के अनुसार, 25 अप्रैल को मयंक राज ने फोन कर उन्हें पटना के एजी कॉलोनी स्थित घर बुलाया। उसने कहा कि आप लोग नेहा को लेकर वहां आ जाइए। इसके बाद परिवार वाले नेहा को साथ लेकर पटना पहुंचे, लेकिन वहां घर पर ताला लगा मिला। जब मयंक को फोन कर इस बारे में पूछा गया, तो उसने कहा कि वह भूल गया था और वापस वैशाली आ गया है। यह सुनकर परिवार हैरान रह गया। सुसाइड से पहले पति-पत्नी में क्या हुई बातें, हमें नहीं पता इसके बाद भाई, मां और नेहा फिर से वैशाली अपने घर लौट आए। परिजनों का कहना है कि रास्ते भर नेहा सामान्य दिख रही थी। उसने किसी तरह की परेशानी जाहिर नहीं की।लेकिन 25 अप्रैल की रात उन दोनों के बीच फोन पर क्या बातचीत हुई, इसकी हमें जानकारी नहीं है। नेहा घरवालों को ज्यादा कुछ नहीं बताती थी, लेकिन वह अंदर ही अंदर तनाव में जी रही थी। परिजनों का कहना है कि नेहा अपने पीछे कुछ अहम सबूत छोड़ गई है। परिवार के पास उसकी वॉइस रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसके आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नेहा ने मरने से पहले जो ऑडियो मैसेज भेजा है उसमें मानसिक प्रताड़ना की बात कही है। मौत से पहले पति को भेजा आखिरी वॉइस मैसेज नेहा ने आत्महत्या से पहले अपने पति मयंक राज को एक वॉइस ऑडियो भेजा है। इसमें उसने कहा, ‘मैं आपको तीन सप्ताह से सच बता रही हूं। मेरे अंदर अब और हिम्मत नहीं बची है। बस मैं प्रूफ नहीं कर रही हूं। जो भी कर रही हूं आपके कारण कर रही हूं। इसके जिम्मेदार आप हैं। आपको दूसरी शादी करनी है न, शौक से कर लीजिए। बस इतना जान लीजिए मैं सही इंसान थी, जो बोला सब सच और सही कहा था।’ मां को भेजा दर्द भरा वॉइस नोट नेहा ने अपनी मां को भी एक इमोशनल वॉइस रिकॉर्डिंग भेजा है। इसमें उसने कहा, ‘मां, मैं मर रही हूं। तुम मयंक राज को ऐसी सजा दिलाना कि वह जिंदगी भर इस दर्द को याद रखे और कभी दोबारा शादी न कर सके। जैसे मैं तड़प-तड़प कर जान दे रही हूं, वैसे ही वह भी पूरी जिंदगी तड़पता रहे।’ यह मैसेज सुनने के बाद परिवार टूट गया है। परिजन का कहना है कि नेहा लंबे समय से मानसिक तनाव में थी, लेकिन समाज और परिवार की इज्जत बचाने के लिए सब कुछ सह रही थी। नेहा की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है। पड़ोसियों का कहना है कि नेहा स्वभाव से शांत और हंसमुख लड़की थी। वह कभी किसी से ऊंची आवाज में बात नहीं करती थी। शव का किया गया अंतिम संस्कार महुआ थाना अध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने बताया, एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पहुंची ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया था। फिलहाल, महिला का उसके परिवारवालों ने रविवार की रात अंतिम संस्कार कर दिया है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। परिजन की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, पुलिस अब परिजन के बयान, मोबाइल फोन, ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *