मोगा सिविल सर्जन डॉ. रमणदीप सिंगला के निर्देश पर फूड सेफ्टी टीम ने बाघा पुराना और आसपास के इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व डॉ. संदीप सिंह ने किया। इस दौरान टीम ने बेकरी, कन्फेक्शनरी, मिल्क प्लांट और फास्ट फूड आउटलेट्स का गहन निरीक्षण किया। साफ-सफाई, फूड सेफ्टी मानकों का पालन और कच्चे माल की गुणवत्ता की जांच की गई। टीम ने कुल पांच सैंपल एकत्र किए। इनमें घी/मिल्क प्रोडक्ट, दूध, इस्तेमाल किया गया कुकिंग ऑयल, फैट्स और गाय का दूध शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, फतेहगढ़ खुर्दाना क्षेत्र में एक मिठाई की दुकान से लड्डू का सैंपल लिया गया। टीम ने जालंधर से आ रही आइसक्रीम सप्लाई वाली गाड़ी की भी जांच की और दो आइसक्रीम के सैंपल लिए। एक केक सप्लायर से भी केक का सैंपल एकत्र किया गया। सैंपल जांच के लिए खरड़ भेजे सभी सैंपल जांच के लिए स्टेट फूड लैबोरेटरी, खरड़ भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद फूड सेफ्टी एक्ट के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फूड सेफ्टी विभाग ने खाद्य कारोबारियों से नियमों और मानकों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। आम जनता को भी सलाह दी गई है कि वे केवल साफ-सुथरी और प्रमाणित जगहों से ही खाद्य पदार्थ खरीदें और शिकायत होने पर विभाग से संपर्क करें।