पानीपत में सनकी ग्राहक ने मोबाइल शॉप में आग लगा दी। आरोपी ने इस शॉप में अपना की-पैड फोन रिपेयर के लिए दिया था। जब वो फोन लेने आया तो दुकान का शटर बंद मिला। इसी से नाराज होकर उसने पेट्रोल छिड़ककर दुकान में आग लगा दी। घटना के वक्त शॉपकीपर अपने बीमार पिता को लेकर अस्पताल गया हुआ था। दुकानदार का कहना है कि शॉप में रखे नए और रिपेयर के लिए आए पुराने कई मोबाइल चल गए। करीब 5 लाख रुपए का नुकसान होने का दावा है।
चांदनीबाग थाने में दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। यह शॉप सेक्टर-25 में पुराना हरिद्वार बाईपास रोड के पास है।
जानिये क्या है पूरा मामला… गांव रिसालू के रहने वाले अंकित मलिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सेक्टर-25 की शर्मा मार्केट में मां वैष्णो टेलीकॉम के नाम से उनकी मोबाइल शॉप है। 23 मई को दिन के समय सोनू नाम का एक कस्टमर आया। उसने अपना जियो का कीपैड फोन ठीक कराने के लिए दिया।
पिता की बिगड़ी तबीयत, बंद करनी पड़ी दुकान अंकित मलिक ने बताया कि रात के समय ग्राहक सोनू अपना फोन वापस लेने के लिए आने वाला था, लेकिन इसी बीच अचानक पिता जसवंत सिंह की तबीयत बेहद खराब हो गई। पिता की बिगड़ती हालत को देख अंकित दुकान बंद कर आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर चले गए। सोनू और उसके साथी ने की वारदात जब अंकित अपने पिता के साथ अस्पताल में थे, उसी दौरान रात के समय ठीक हुआ फोन लेने ग्राहक सोनू दुकान पर पहुंचा। दुकान बंद देखकर वह गुस्से में आ गया। उसके साथ उसका एक अन्य साथी भी था, जिसका नाम भी सोनू ही बताया जा रहा है। दोनों आरोपी अपने साथ एक बोतल में पेट्रोल लेकर आए थे। दुकान बंद मिलने पर दोनों ने तैश में आकर दुकान के शटर पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। ₹5 लाख का सामान जलकर खाक इस आगजनी की घटना में पीड़ित अंकित मलिक की दुकान पूरी तरह से जल गई। दुकान के अंदर रखे दर्जनों नए मोबाइल फोन, एसेसरीज, रिपेयरिंग के उपकरण और विभिन्न ग्राहकों द्वारा ठीक होने के लिए आए कीमती मोबाइल फोन पूरी तरह जलकर स्वाहा हो गए। पीड़ित के मुताबिक इस वारदात से उन्हें कम से कम 5 लाख रुपए का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। इस बारे में चांदनी बाग थाना प्रभारी संदीप कुमार का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।