करनाल शहर के चार चमन इलाके में घरेलू विवाद के चलते 3 महीने की मासूम बच्ची की हत्या का मामला सामने आया है। बच्ची की मां ने अपने ही पति पर बच्ची का गला दबाकर मुगल कनाल नाले में फेंकने के आरोप लगाए है। घटना रात की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च अभियान चलाकर बच्ची के शव को नाले से बाहर निकाला। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। पति-पत्नी के झगड़े से बढ़ा विवाद मृतक बच्ची की मां अनीता ने बताया कि उसके दो बच्चे हैं, जिनमें एक तीन महीने की दिव्यांशी और दूसरा तीन साल का बेटा है। पति से विवाद के कारण वह पिछले दो महीने से अपने पिता के घर रह रही थी। बीती रात उसका पति सोनू शराब के नशे में वहां पहुंचा और झगड़ा करने लगा। बेटी को छीनकर ले गया, नाले में फेंका अनीता के अनुसार झगड़े के दौरान सोनू ने तीन महीने की दिव्यांशी को उसकी गोद से छीन लिया और बाहर ले गया। कुछ समय बाद जब वह वापस आया, तो उसके हाथ खाली थे। पूछने पर उसने बताया कि उसने बच्ची को सब्जी मंडी के पीछे वाले नाले में फेंक दिया है। यह सुनते ही मां के होश उड़ गए। पुलिस ने चलाया सर्च अभियान, बच्ची बरामद घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत सर्च अभियान शुरू किया। काफी तलाश के बाद पुलिस ने बच्ची को नाले से बरामद कर लिया। इसके बाद आरोपी सोनू को काबू कर लिया गया। थाना प्रभारी बोले- आरोप के आधार पर कार्रवाई सिविल लाइन थाना प्रभारी रामलाल ने बताया कि बच्ची की मां ने अपने पति पर नाले में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच की जा रही है।