मोहाली में खाना खाने जा रहे मुक्तसर के गिद्दड़बाहा से आम आदमी पार्टी के विधायक हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों को मोहाली पुलिस ने रोक लिया। फेज-8 थाना एरिया में लगाए गए नाके पर तैनात ASI लखबीर सिंह ने उनकी गाड़ी पर लगी ब्लिंकर लाइट को लेकर सवाल-जवाब किया। इसी को लेकर विधायक हरदीप सिंह डिंपी ने बदसलूकी के आरोप लगाए हैं। विधायक ने इसकी शिकायत मोहाली के एसएसपी हरमंदीप सिंह हंस से की, जिसके बाद पुलिस ने ASI को सस्पेंड कर दिया। अब विधायक ने भी इस पूरे मामले में अपना पक्ष रखा है। अब 5 पॉइंट में जानिए पूरा मामला 1. विधायक पत्नी और ड्राइवर के साथ जा रहे थे खाना खाने विधायक डिंपी अपनी पत्नी और ड्राइवर जगतार के साथ खाना खाने जा रहे थे। फेज-8 पुलिस ने वहां नाका लगाया हुआ था। नाके पर ASI लखबीर सिंह तैनात था। 2. ब्लिंकर लाइट को लेकर हुआ विवाद विधायक की गाड़ी पर लगी ब्लिंकर लाइट को लेकर ASI लखबीर सिंह ने ड्राइवर से सवाल किया। ड्राइवर ने बताया कि गाड़ी में मौजूदा विधायक बैठे हैं और यह गाड़ी विधानसभा में रजिस्टर्ड है। इसके बाद ASI ने आईडी कार्ड दिखाने को कहा। जब ड्राइवर मोबाइल में विधायक का आईडी कार्ड दिखाने लगा तो ASI ने वहां मौजूद कांस्टेबल से कहा कि इनका कार्ड चेक करो। अगर मौजूदा विधायक हैं तो छोड़ देना, वरना चालान कर देना। 3. मौके पर पहुंचे SHO इसके बाद नाके पर फेज-8 के SHO सतनाम सिंह मौके पर पहुंचे। विधायक ने SHO से ASI की शिकायत की, जिस पर SHO ने माफी मांगी। 4. विधायक ने मौके से SSP को किया फोन विधायक ने मौके से ही SSP हरमंदीप सिंह हंस को फोन कर ASI पर मिसबिहेव करने के आरोप लगाए। विधायक ने कहा कि मैं एक जनप्रतिनिधि हूं और 1 लाख 65 हजार लोगों ने मुझे चुना है। अगर मेरे साथ इस तरह का व्यवहार किया जा रहा है तो आम जनता के साथ क्या होता होगा। 5. SSP ने दिए सस्पेंड करने के आदेश विधायक की तरफ से शिकायत मिलने के बाद SSP ने ASI को सस्पेंड करने के आदेश दे दिए हैं। इसके बाद विधायक ने खुद लाइव होकर इस मामले की जानकारी दी है। उसने अपनी पावर दिखाई, मैंने अपनी विधायक हरदीप सिंह डिंपी ने एक वीडियो जारी कर कहा कि ASI के पास पुलिस की ताकत थी, जबकि उनके पास विधायक होने की ताकत थी। उसने अपनी पावर का इस्तेमाल किया और मैंने अपनी पावर का इस्तेमाल किया। इसमें क्या गलत हैं।