मोहाली में ट्रैफिक पुलिस के रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह रकम चालान से बचाने के लिए ली गई थी। वीडियो जीरकपुर का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक ट्रैफिक बूथ के बाहर खड़े एएसआई से बातचीत करता नजर आ रहा है। बातचीत के दौरान युवक पहले 500 रुपये देने की बात करता है, लेकिन एएसआई उससे अधिक राशि की मांग करता हुआ सुनाई देता है। इसके बाद युवक बाहर खड़े दूसरे व्यक्ति से पैसे लेकर आता है और एएसआई को पकड़ा देता है। वीडियो में युवक चालान न काटने और खींची गई फोटो डिलीट करने की बात भी करता सुनाई देता है। इस पर एएसआई युवक को आश्वासन देता है कि उसका चालान नहीं किया जाएगा। वीडियो में युवक और एएसआई की बातचीत एएसआई ने आरोपों से किया इनकार मामले में एएसआई सोहन सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वीडियो बनाकर गलत तरीके से पेश किया गया है। उनके अनुसार किसी तरह की रकम नहीं ली गई और न ही कोई अवैध लेन-देन हुआ। युवक खुद पैसे देने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्होंने स्वीकार नहीं किए। उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत के बाद युवक को बिना चालान के छोड़ दिया गया। SP ट्रैफिक बोले- वीडियो आने पर होगी जांच मामले में एसपी ट्रैफिक मोहाली नवनीत सिंह महल ने कहा कि अभी तक उनके पास वीडियो नहीं पहुंचा है। अगर वीडियो में ऐसी कोई बात सामने आती है तो मामला एसएसपी मोहाली के ध्यान में लाया जाएगा और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।