यमुनानगर में कार ने बाइक सवारों को कुचला:एक ने PGI में तोड़ा दम, दूसरे की हालत गंभीर; छछरौली से लौट रहे थे

यमुनानगर जिले के व्यासपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब दोनों रात को बाइक से घर लौट रहे थे। घायलों को राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया जहां, गंभीर हालत के चलते पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया। पीजीआई में इलाज के दौरान एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा उपचाराधीन है। मृतक की पहचान रोकी पुत्र ओम प्रकाश निवासी गढरिया महौला व्यासपुर के रूप में हुई है। व्यासपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। टक्कर लगने पर उछलकर सड़क पर गिरे मोहित कुमार निवासी गांव कोटड़ा खास ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी का काम करता है। शुक्रवार की रात करीब 8:30 बजे वह अपने दोस्त रोकी के साथ बाइक पर किसी जरूरी काम से छछरौली गया था। काम खत्म करने के बाद दोनों रात करीब साढ़े 11 बजे के बीच वापस लौट रहे थे। बाइक रोकी चला रहा था और वह पीछे बैठा था। जब वे दरियापुर के पास पहुंचे, तभी व्यासपुर की तरफ से एक अज्ञात कार ड्राइवर तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए आया और उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों उछलकर सड़क पर गिर गए। इलाज के दौरान तोड़ा दम मोहित ने बताया कि हादसे के बाद कार ड्राइवर कुछ दूरी पर गाड़ी रोककर उनके पास आया, लेकिन मौके पर भीड़ इकट्ठी हो जाने का फायदा उठाकर वह अपनी कार लेकर फरार हो गया। मोहित ने कहा कि हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी और वह बेहोश हो गया। हादसे के बाद में राहगीरों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए पहले सरकारी अस्पताल व्यासपुर, फिर सिविल अस्पताल जगाधरी और उसके बाद यमुनानगर तथा PGI चंडीगढ़ रेफर किया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि उसके सिर में गंभीर चोट है। मोहित ने आगे कहा कि रविवार को उसे सूचना मिली कि पीजीआई में इलाज के दौरान रोकी की गंभीर चोटों के कारण मृत्यु हो गई। पुलिस ने मोहित के बयान पर आरोपी कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *