यमुनानगर में कार ने युवकों को मारी टक्कर:एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर, चंडीगढ़ PGI रेफर; आरोपी फरार

यमुनानगर के प्रतापनगर क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े दो युवकों को एक बेकाबू हिमाचल नंबर कार ड्राइवर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान तरुण पुत्र किर्तन पाल निवासी बहादुरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फसल काटने का करते थे काम सतीश कुमार निवासी गांव बहादुरपुर ने पुलिस को बताया कि वह भारती विद्या मंदिर स्कूल, प्रतापनगर में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। वह अपनी स्कूटी पर प्रतापनगर से अपने गांव बहादुरपुर जा रहा था। जब वह मेन रोड से गांव की ओर मुड़ा तो उसने गांव के बाहर तरुण और गौरव को सड़क किनारे खड़े देखा। दोनों युवक गेहूं काटने का काम करते थे, इसलिए वह भी उनसे अपनी फसल कटवाने की बात करने के लिए उनके पास रुक गया और बातचीत करने लगा। इसी दौरान मेन रोड की तरफ से एक हिमाचल नंबर कार बहुत तेज रफ्तार, लापरवाही और गफलत से चलाते हुए आई और ड्राइवर ने सीधे तरुण और गौरव को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उछलकर दूर जा गिरे टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक उछलकर दूर जा गिरे। तरुण सड़क पर गिरा और उसका सिर सड़क किनारे लगने से उसे गंभीर चोटें आईं, जबकि गौरव कच्चे में गिरा और वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक ने थोड़ी दूरी पर गाड़ी रोकी, लेकिन मौके का फायदा उठाकर अपनी कार सहित फरार हो गया। इसके बाद मौके पर भीड़ इकट्ठी हो गई और वह राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को सिविल अस्पताल प्रतापनगर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तरुण को मृत घोषित कर दिया। वहीं गौरव को प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में सिविल अस्पताल यमुनानगर रेफर किया गया और वहां से भी उसे ज्यादा चोटों के कारण PGI चंडीगढ़ भेज दिया गया। मामले की जांच में जुटी पुलिस सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहीं शिकायत के आधार पर आरोपी कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी रोहताश सिंह ने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *