यमुनानगर के जठलाना थाना क्षेत्र के गांव मोहड़ी में उस घर में इन दिनों शादी की तैयारियां चल रही थी, जहां अब मातम पसरा हुआ है। परिवार के अनुसार 29 वर्षीय मुबारिक अली खान की दो माह बाद शादी होनी थी। घर में खुशियों का माहौल था, रिश्तेदारों से बातचीत चल रही थी और विवाह की तैयारियां शुरू हो चुकी थी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि जिस बेटे की बारात की तैयारी हो रही है, उसका शव चार दिन बाद पश्चिमी यमुना नहर से बरामद होगा। मुबारक की मौत अब एक मिस्ट्री बन चुकी है, जिसे सुलझाने में पुलिस जुटी हुई है। आखिरी बार खाना भी नहीं ले गया साथ मुबारिक अली यमुनानगर की एक पॉली प्लास्टिक कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। वह अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था और परिवार की बड़ी उम्मीद माना जाता था। परिजनों के अनुसार 21 मई की शाम वह रोजाना की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकला था। उस दिन वह खाना भी साथ नहीं लेकर गया था। घर से निकलने के कुछ समय बाद उसे याद आया कि उसका पर्स घर पर ही रह गया है। वह वापस घर लौटा, पर्स लिया और पर्स में से कुछ पैसे अपनी मां काे देकर फिर कंपनी जाने के लिए निकल गया। पूरी तरह से खुश था मुबारक परिवार का कहना है कि उस समय मुबारिक पूरी तरह सामान्य था। वह खुश था और उसके चेहरे पर किसी प्रकार की चिंता या तनाव दिखाई नहीं दे रहा था। किसी ने यह कल्पना भी नहीं की थी कि यह उसकी घर से आखिरी विदाई साबित होगी। परिजनों ने बताया कि जब देर रात तक वह घर नहीं लौटा, तो चिंता बढ़ी। उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा था। अगले दिन कंपनी में पूछताछ की गई, तो पता चला कि वह उस दिन ड्यूटी पर भी नहीं पहुंचा था। परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। कुरुक्षेत्र में नहर से मिला था शव मुबारिक के स्वजन का कहना है कि उन्होंने कंपनी में भी जानकारी जुटाई थी। वहां पता चला कि उसका किसी कर्मचारी या अधिकारी से कोई विवाद, झगड़ा या मनमुटाव नहीं था। ऐसे में उसका अचानक गायब होना और फिर चार दिन बाद शव मिलना परिवार के लिए एक ऐसी पहेली बन गया है, जिसका जवाब उन्हें नहीं मिल रहा। रविवार सुबह उसकी बाइक गांव के बाहर नहर किनारे लावारिस हालत में मिली थी। इसके बाद परिवार की आशंकाएं और बढ़ गई थी। उसी देर शाम कुरुक्षेत्र के हिनौरी पुल के पास पश्चिमी यमुना नहर से उसका शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। शव पर नहीं कोई चोट का निशान शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जठलाना थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान शव पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। थाना प्रभारी के अनुसार पुलिस परिजनों और उस कंपनी के कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है, जहां मुबारिक कार्यरत था। यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इस बारे में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। जांच जारी है। उधर परिजनों का कहना है कि मुबारिक किसी प्रकार के तनाव में नहीं था। उसकी शादी तय हो चुकी थी और वह अपने भविष्य को लेकर उत्साहित था। ऐसे में उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह सवाल पूरे परिवार को अंदर तक झकझोर रहा है। परिवार ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके।