यूपी MLC चुनाव के लिए भाजपा के 5 प्रत्याशी घोषित:अवनीश सिंह समेत सभी उम्मीदवार रिपीट; सपा-कांग्रेस अलग-अलग चुनाव लड़ रहीं

यूपी में 11 सीटों पर होने वाले विधान परिषद यानी MLC चुनाव-2026 के लिए भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। रविवार शाम केंद्रीय चुनाव समिति से मंजूरी मिलने के बाद महासचिव अरुण कुमार सिंह ने 5 प्रत्याशियों के नामों की लिस्ट जारी कर दी। इनमें 2 स्नातक और 3 शिक्षक उम्मीदवार हैं। लखनऊ स्नातक के लिए अवनीश कुमार सिंह और आगरा स्नातक सीट पर डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह को उतारा गया है। इसके अलावा बरेली-मुरादाबाद शिक्षक के लिए डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, लखनऊ शिक्षक सीट के लिए उमेश द्विवेदी और मेरठ शिक्षक सीट पर श्रीचंद्र शर्मा पर भरोसा जताया गया है। पांचों उम्मीदवार मौजूदा समय में भी एमएलसी हैं। इन प्रत्याशियों को करीब 6 महीने पहले ही टिकट मिलने का संकेत मिल गया था, इसलिए उन्होंने अपने अपने क्षेत्र में चुनाव कार्यालय बनाने और वोटर्स बनाने की तैयारी भी शुरू कर दी थी करीब 7 महीने पहले सपा 10 और कांग्रेस 5 प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है। लोकसभा चुनाव साथ लड़ने वाली कांग्रेस-सपा एमएलसी चुनाव में अलग-अलग लड़ रही हैं। लिस्ट देखिए… अब भाजपा प्रत्याशियों के बारे में जानिए… इंजीनियर अवनीश सिंह पटेल- लखनऊ स्नातक खंड से भाजपा ने इंजीनियर अवनीश सिंह पटेल को फिर से प्रत्याशी बनाया है। अवनीश जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के करीबी हैं। कुर्मी समाज में मजबूत पकड़ रखते हैं। पार्टी उनके जरिए कुर्मी समाज ने नई लीडरशिप खड़ी कर रही है। डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह गुरुजी- आगरा स्नातक क्षेत्र से एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह गुरुजी ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। वह भाजपा के ब्रज क्षेत्र में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भी रहे हैं। 2020 में वह पहली बार विधान परिषद सदस्य निर्वाचित हुए। वर्तमान में केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय अल्पसंख्यक शिक्षा के लिए नेशनल मॉनिटरिंग कमेटी के सदस्य भी हैं। वह गुरुजी के नाम से भी जाने जाते हैं। वे मूल रूप से अलीगढ़ जनपद की हरदुआगंज तहसील के गांव दाऊदपुर के निवासी हैं। साल 2013 में वे भाजपा में शामिल हुए। हरि सिंह ढिल्लो- बरेली-मुरादाबाद शिक्षक वर्ग से परिषद सदस्य हरि सिंह ढिल्लो भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के समधी हैं। बरेली-मुरादाबाद में सिख और जाट सिख समुदाय में अच्छी पकड़ रखने के साथ वित्त विहीन शिक्षकों के भी बड़े नेता हैं। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के गांव खंडसाल कलां के निवासी हैं। वर्तमान में वे अमरोहा नगर के मोहल्ला कल्याणपुरा में रहते हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने अमरोहा विधानसभा सीट से राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। हालांकि इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उमेश कुमार द्विवेदी- लखनऊ शिक्षक क्षेत्र से परिषद सदस्य उमेश कुमार द्विवेदी को भाजपा ने फिर से मौका दिया है। उमेश कुमार वित्त विहीन शिक्षक वर्ग में मजबूत पकड़ रखते हैं। उनके लिए आंदोलन भी करते रहे हैं। वहीं, ब्राह्मण समाज के पक्ष में भी आवाज उठाते रहे हैं। लखनऊ शिक्षक खंड में उनकी मजबूत पकड़ है। श्रीचंद शर्मा- मेरठ शिक्षक खंड के परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा कई शिक्षण संस्थानों के प्रबंधक हैं। ब्राह्मण समाज में अच्छी पकड़ रखने के साथ वित्त विहीन शिक्षकों के भी नेता हैं। साल 2020 के चुनाव में शिक्षक दल के नेता ओम प्रकाश शर्मा को 4,232 मतों के अंतर से पराजित किया था और वर्तमान में भी वे इसी सीट से एमएलसी के रूप में कार्यरत हैं। इस जीत के साथ ही उन्होंने ओम प्रकाश शर्मा के लंबे समय से चले आ रहे वर्चस्व को समाप्त कर दिया था। ओम प्रकाश शर्मा लगभग 48 सालों से इस सीट पर लगातार प्रभावी रहे थे और पिछले आठ विधान परिषद चुनावों में अपराजित रहे थे।
भाजपा के पास 6 और सपा का 3 सीटों पर कब्जा
विधान परिषद में भाजपा के 79 और सपा के 10 सदस्य हैं। भाजपा की सहयोगी अपना दल (एस), रालोद, निषाद पार्टी और सुभासपा के 1-1 सदस्य हैं। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक से 1, शिक्षक दल (गैर राजनीतिक) से 1, निर्दलीय समूह से 2 और 2 निर्दलीय सदस्य हैं। 1 पद खाली है। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले दिसंबर- 2026 में विधान परिषद की शिक्षक स्नातक क्षेत्र की 11 सीटों पर चुनाव होगा। इनमें से अभी 6 सीटें भाजपा के पास हैं, जबकि 3 सीटों पर सपा का कब्जा है। 1 सीट पर शिक्षक दल (गैर राजनीतिक) और 1 पर निर्दलीय काबिज है। सपा ने 3 सदस्यों को फिर मौका दिया
विधान परिषद चुनाव में सपा ने अब तक 10 प्रत्याशी घोषित किए हैं। मिर्जापुर-वाराणसी शिक्षक खंड में सपा ने मौजूदा सदस्य लाल बिहारी यादव को फिर मौका दिया है। इलाहाबाद-झांसी स्नातक खंड में मान सिंह यादव और वाराणसी-मिर्जापुर स्नातक खंड में भी मौजूदा सदस्य आशुतोष सिन्हा को फिर से टिकट दिया है। वहीं, गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक खंड में कमलेश और लखनऊ स्नातक खंड में कांति सिंह को प्रत्याशी बनाया है। मेरठ-सहारनपुर स्नातक सीट पर प्रमेंद्र भाटी और आगरा-अलीगढ़ खंड से डॉ. प्रकाश चंद्र गुप्ता को प्रत्याशी बनाया है। बरेली-मुरादाबाद खंड से हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर और आगरा खंड से शशांक यादव को मैदान में उतारा है। मेरठ-गाजियाबाद खंड से नितिन कुमार तोमर को टिकट दिया है। बसपा ने नहीं खोले पत्ते, कांग्रेस ने 5 नाम घोषित किए
विधान परिषद चुनाव को लेकर बसपा ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। आमतौर पर बसपा इन चुनावों में प्रत्याशी नहीं लड़ाती। माना जा रहा है कि अगर चुनाव के दौरान किसी सीट विशेष पर राजनीतिक समीकरण के लिहाज से जरूरत हुई, तो बसपा प्रत्याशी खड़ा कर सकती है। वहीं, कांग्रेस ने 5 प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। कांग्रेस ने अरविंद सिंह पटेल (वाराणसी), रघुराज सिंह पाल (आगरा), डॉ. देवमणि तिवारी (लखनऊ), विक्रांत वशिष्ठ (मेरठ-सहारनपुर), संजय राय प्रियदर्शी (वाराणसी शिक्षक MLC) को टिकट दिया है।
खबर अपडेट हो रही है…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *