फतेहाबाद जिले के रतिया शहर के बीच बने गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पार्क में लगी भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पार्क में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा पर शनिवार रात शरारती तत्वों ने कथित तौर पर अभद्र हरकत की। प्रतिमा पर लगा चश्मा उतारकर नीचे फेंक दिया गया, जबकि पास लगाया गया पोस्टर भी फाड़ दिया गया। इतना ही नहीं, मूर्ति स्थल के आसपास गंदगी फैलाए जाने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद समाज के लोगों में आक्रोश है। रविवार सुबह जब लोग पार्क पहुंचे तो घटना का पता चला। सूचना मिलते ही एससी समाज से जुड़े लोग मौके पर एकत्रित हो गए और इस हरकत पर नाराजगी जताई। पहले भी हो चुकी ऐसी घटना अंबेडकर सभा रतिया के अध्यक्ष प्रेम खोखर ने बताया कि इससे पहले भी इस प्रकार की घटना हो चुकी है। अब दोबारा बाबा साहेब की मूर्ति के साथ छेड़छाड़ किए जाने से समाज के लोगों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि शरारती तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर समाज के लोगों काे बुलाया गया है। प्रशासन को शिकायत सौंपी जाएगी और ऐसी हरकत करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। अगर प्रशासन ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की तो आगामी आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। 27 अप्रैल को भी चश्मा उतारकर फेंक दिया गया था प्रेम खोखर ने बताया कि पिछले महीने की 27 तारीख को भी ऐसे ही मूर्ति का चश्मा उतारकर फेंक दिया गया था। मगर तब बाबा साहेब का जन्मदिन मनाया गया था। इसलिए उस दिन मामले को ज्यादा तूल नहीं दिया गया। मगर अब फिर से वही हरकत होने से समाज में भारी रोष है। संविधान निर्माता की प्रतिमा के साथ ऐसी हरकत बर्दाश्त नहीं जाएगी।