राहुल गांधी कल आएंगे कांगड़ा:विधानसभा चुनाव का फूंकेंगे बिगुल; हिमाचल-पंजाब और JK के जिलाध्यक्षों को देंगे जीत का मंत्र

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा दौरे पर रहेंगे। वे यहां 10 दिवसीय ‘संगठन सृजन अभियान’ के समापन सत्र में शामिल होंगे। इस दौरान राहुल गांधी हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पंजाब और जम्मू-कश्मीर के जिला कांग्रेस कमेटियों (DCC) के अध्यक्षों को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी सुबह विशेष विमान से दिल्ली से कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे सीधे ‘यात्री सदन’ स्थित प्रशिक्षण शिविर स्थल के लिए रवाना होंगे। इस प्रशिक्षण सत्र का मुख्य उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता बढ़ाना और जमीनी स्तर पर संगठन की पहुंच का विस्तार करना है। राहुल गांधी जिलाध्यक्षों को बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने के तरीके बताएंगे। विधानसभा चुनावों की तैयारी और संगठन को मजबूत करना मकसद राजनीतिक विश्लेषक राहुल गांधी के इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी और संगठन को मजबूत करने के प्रयास के तौर पर देख रहे हैं। प्रशिक्षण शिविर के दौरान राहुल गांधी हिमाचल में होने वाले पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों पर भी चर्चा करेंगे। वे प्रदेश नेतृत्व से इन चुनावों की तैयारियों पर विस्तृत रिपोर्ट लेंगे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने राहुल गांधी के आगमन की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि 30 अप्रैल को संगठन सृजन अभियान के समापन पर राहुल गांधी की उपस्थिति से जिलाध्यक्षों सहित पूरे संगठन को मजबूती मिलेगी। बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्षों को सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। राहुल के दौरे को लेकर सुरक्षा कड़ी राहुल शाम करीब 3:30 बजे कांगड़ा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए वापस उड़ान भरेंगे। उनके दौरे के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है। कांगड़ा एयरपोर्ट से लेकर यात्री सदन तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और रूट प्लान तैयार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *