रोहतक के पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय से ग्रीन कॉरिडोर बनाकर आज अंग दान करवाया गया। 16 वर्षीय ब्रेनडेड नाबालिग लड़के के ऑर्गेन डोनेट किए गए है, जिसमें लीवर ILBS दिल्ली और एक किडनी पंचकूला के कमांड चंडी आर्मी अस्पताल लेकर गए हैं। बाकी आर्गेन पीजीआई में रहेंगे। PGIMS रोहतक में एक माह के अंदर ये तीसरा अंगदान है, जिससे संस्थान ने हरियाणा में अंग दान का नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। सोटो हरियाणा की मुहिम को सफलता मिल रही है। गत दिनों सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 16 वर्षीय किशोर को PGI के ट्रॉमा सेंटर में लाया गया। डॉ. तरुण व उनकी टीम के तमाम प्रयासों के बावजूद 24 अप्रैल को उसे ब्रेनडेड घोषित कर दिया। आर्मी जवान की पत्नी को लगेगी किडनी पंचकूला के कमांड चंडी आर्मी अस्पताल गई एक किडनी आर्मी जवान की पत्नी को लगाई जाएगी। किडनी को लेकर दो बजकर 36 मिनट पर पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर से गाड़ी निकली, जो बाबा मस्तनाथ यूनिवर्सिटी में बने हेलीपेड पर मात्र 5 मिनट में ही पहुंच गई। इसके बाद किडनी लेकर हेलीकॉप्टर उड़ गया, जो करीब सवा घंटे में अस्पताल पहुंच जाएगा और वहां किडनी का ट्रांसप्लांट किया जाएगा। समालखा के पास हुआ था एक्सीडेंट मृतक हर्ष करनाल का रहने वाला है और अपने पिता के साथ किसी काम से बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान समालखा के पास सड़क हादसे में घायल हो गया, जबकि उसके पिता की मौके पर ही मौत हो गई। हर्ष को गंभीर हालत में 15 अप्रैल की रात करीब दो बजे लाया गया, जिसका इलाज चल रहा था। 22 अप्रैल को ब्रेन डेड की हुई आशंका निश्चेतन विभाग के डॉ. तरुण ने बताया कि 23 अप्रैल को मरीज में ब्रेन डेड के लक्षण दिखने पर तुरंत एमएस डॉ. कुंदन मित्तल को सूचना दी। डॉ. मित्तल ने तत्काल 4 वरिष्ठ डॉक्टरों की ब्रेन डेड प्रमाणन समिति गठित की। समिति ने 24 अप्रैल की सुबह पहला एप्निया टेस्ट और अन्य क्लिनिकल टेस्ट किए। पहला टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद नियमानुसार 6 घंटे के अंतराल पर शाम को दूसरा टेस्ट किया। दोनों टेस्ट में ब्रेन स्टेम फंक्शन शून्य पाया। परिवार से मिलकर अंगदान के लिए किया प्रेरित पीजीआई के वाइस चांसलर डॉ. एच.के अग्रवाल ने बताया कि जब युवा के ब्रेनडेड होने की सूचना मिली तो उन्होंने स्वयं निदेशक डॉ. एस.के सिंघल के साथ परिवार से मुलाकात की और बताया कि उनका बेटा भले ही इस दुनिया में नहीं रहा, लेकिन उसके अंगो से करीब 8 लोगों को नई जिंदगी दे सकते हैं। वह मरने के बाद भी अमर हो जाएगा। आपका यह फैसला सैकड़ों परिवारों के लिए मिसाल बनेगा। 6 लोगों को मिलेगी नई जिंदगी 16 वर्षीय युवक के आर्गेन से 6 लोगों को नई जिंदगी मिलेगी। युवक के शरीर से दो कॉर्निया, दो किडनी व दो लीवर निकाले गए है। जबकि चेन्नई से हार्ट की डिमांड आई थी, लेकिन वह टीम नहीं पहुंच पाई। इसलिए युवक के शरीर से निकाले आर्गेन से अब लोगों को नई जिंदगी मिल जाएगी। एक महीने में तीसरा अंगदान, हरियाणा में रिकॉर्ड सोटो हरियाणा के नोडल अधिकारी डॉ. सुखबीर सिंह ने कहा कि पीजीआईएमएस रोहतक एक महीने में तीसरा सफल अंगदान करवा रहा है। हरियाणा के किसी भी सरकारी संस्थान का यह रिकॉर्ड है। डॉ. एच.के अग्रवाल ने समझाया कि यदि अंगदान कर दें तो किसी की मां, किसी का बेटा, किसी का सुहाग बच जाएगा।