लुधियाना के ग्यासपुरा स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम में पैसे जमा करवाने आए एक व्यक्ति के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शातिरों ने मदद के बहाने 20 हजार रुपये कैश उड़ा लिए। हालांकि पीड़ित की सतर्कता से एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पूरे मामले में सीसीटीवी भी सामने आया है । मदद के बहाने लगाया चूना राम बरन वर्मा जो स्क्रैप का काम करते हैं बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे ग्यासपुरा स्थित एसबीआई बैंक पहुंचे थे। उनके घर में खुशखबरी आई थी बहू ने बेटे को जन्म दिया था और वह अपनी बहन को शगुन के पैसे भेजने आए थे। राम बरन के हाथों में चोट लगी हुई थी जिसका फायदा उठाकर वहां मौजूद दो युवकों ने मदद के बहाने लूट की। बातों में उलझाकर जेब में डाले पैसे पीड़ित ने बताया कि वह अक्सर सिक्योरिटी गार्ड की मदद से पैसे जमा करवाते थे लेकिन इस बार इन दो युवकों ने उन्हें अपनी बातों में फंसा लिया। आरोपियों ने मशीन में कार्ड डालकर पैसे अंदर-बाहर करने का नाटक किया और पीड़ित से 20 हजार रुपये ले लिए। उन्होंने राम बरन से कहा कि अभी पर्ची निकलेगी आप रुकिए। इसी दौरान वे पैसे लेकर भागने लगे। CCTV में कैद हुई वारदात सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना साफ नजर आ रही है। फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे दोनों आरोपी राम बरन को बातों में लगाकर उन्हें मशीन से पीछे धकेलते हैं और पैसे अपनी जेब में डालकर भागने की कोशिश करते हैं। भागते समय राम बरन ने शोर मचाया जिसके बाद एक आरोपी को लोगों की मदद से पकड़ लिया गया जबकि दूसरा फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस कार्रवाई दूसरे साथी की तलाश जारी शेरपुर चौकी पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन आरोपियों के खिलाफ पहले भी शिकायतें मिली हैं। फिलहाल पुलिस दूसरे फरार साथी की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस ने पीड़ित को आश्वासन दिया है कि जल्द ही उनके पैसे वापस दिलवाए जाएंगे।