लुधियाना के पायल से आम आदमी पार्टी के MLA मनविंदर सिंह ग्यासपुरा गैंगस्टर डोनी बल से भिड़ गए। आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान अविनाशप्रीत जल्ला को कॉल कर गैंगस्टर ने धमकाया तो ग्यासपुरा ने फोन लेकर कहा- तेरे जैसे कई देखे हैं, बाहर बैठकर नौजवानों को हथियार पकड़ा रहे हो। इस पर गैंगस्टर बोला- तुझे सरेआम मारकर वीडियो डालूंगा, पहले जल्ला और फिर नंबर तेरा है। जिस पर विधायक ने जवाब दिया- पहले मुझे मार, फिर जल्ले को देखना। विधायक और गैंगस्टर के बीच बहस का 15 मिनट का वीडियो सामने आया है। हाल ही में गैंगस्टर ने विदेशी नंबर से कॉल कर विधायक को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद पायल में विधायक के करीबी की दुकान पर फायरिंग की। डोनी के गुर्गों ने अब दो तीन दिन पहले MLA ग्यासपुरा की मीडिया टीम के सदस्य को राणो पुल पर घेरा और उसे जान से मारने की धमकी दी। डोली बल के गुर्गों ने उसे कहा कि तुम विधायक से जुड़े हो अपना हिसाब चुकता कर लो। लगातार मिल रही धमकियों के बाद MLA ग्यासपुरा ने अब पंजाब के डीजीपी गौरव यादव को इस संबंध में पत्र लिखा है और कुछ मांगें की हैं। जिसमें खुद की और अपने सहयोगियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। गैंगस्टर और विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा में क्या बातचीत हुई… MLA: हेलो मैं मनविंदर सिंह ग्यासपुरा बोल रहा हूं। बता तुम कौन बोल रहे हो।
गैंगस्टर: मैं नोनी बल बोल रहा हूं। MLA: नोनी बल, कहां से बोल रहे हो। क्या बोल रहा है? कौन बोल रहा है, क्यों बोल रहा है?
गैंगस्टर: तू बचाव कर अपना, मैंने तेरे बता दिया। MLA: बचाव क्या करना है तेरे जैसे कई देखे हैं। मैं कौन सा बच्चा हूं। मेरा देख लेना ग्यासपुरा कौन है।
गैंगस्टर: तू है कौन? MLA: देख ले मनविंदर सिंह ग्यासपुरा कौन है? तू अननोन नंबर से फोन कर रहा है अपने फोन से तो तू बात नहीं कर सकता। बाहर छुपकर बैठा है। बाहर आ जा इतना बड़ा बदमाश है तो।
गैंगस्टर: मैं बाहर नहीं। मैं जब सरेआम तेरे को मारकर वीडियो डालूंगा तब देखना। MLA: तू अभी आजा। तू बता कहां आना है।
गैंगस्टर: तेरे साथ वादा है तेरे को मेरे भाई जरूर मिलेंगे। MLA: ज्यादा फुकरियां मत मार। जितनी अपनी औकात है उसी में रह। तू एवरेस्ट पर चढ़ा बैठा है।
गैंगस्टर: तेरे साथ मेरा वादा है तेरा नुकसान करूंगा। MLA: मैं गुरु गोबिंद सिंह का बेटा हूं। न किसी से डरा हूं और न किसी को डराता हूं। नुकसान जो होना है महाराज की कृपा से होना जो होना। तेरा होना या मेरा होना ये तो वक्त बताएगा। सामने आकर बात करो। तुम बच्चों को क्यों फंसा रहे हो। पंजाब का माहौल खराब कर रहे हो।
गैंगस्टर: पहला जल्ले को मारना है। MLA: पहले मुझे मार।
गैंगस्टर: पहले जल्ले को मारकर तुझे दिखाना है। MLA: मुझे मार पहले और दिखा। आजा जब मर्जी आना है आजा।
गैंगस्टर: तेरी इच्छा जरूर पूरी करूंगा मैं। तू टेंशन न ले। MLA: ग्यासपुरा मेरा नाम है। ऐसी धमकियां देकर किसी और को डराना।
गैंगस्टर: कोई बात नहीं तेरी तस्सली करवा देंगे चिंता न कर। MLA: हम न डरते हैं न डराते हैं। ऐसे पंजाब का माहौल खराब न करें।
गैंगस्टर: पहले तेरे बंदे को मारेंगे फिर तेरे को। MLA: पहले मेरे को मार बाद में क्यों मारना।
गैंगस्टर: तुझे दिखाना है। कैसे मारते हैं। MLA: फिर मुझे मार दे, मुझे पहले ही पता लग जाएगा।
गैंगस्टर: तेरे को जो करना है कर ले। तेरे को दो नंबर पर मारना है। MLA: पहले मुझे मार दो। मुझे क्यों नहीं मारना पहले।
गैंगस्टर: तुझे कैसे पता लगेगा कि कैसे मारते हैं। MLA: अपने मन से गलत फहमी निकाल दो। ये गलत है जो तुम बच्चों के हाथ में हथियार पकड़ा रहे हो। तुम्हें पैसे चाहिए क्या। विधायक ने डीजीपी को लिखे पत्र में लिखी अहम बातें… DGP से एमएलए ने की ये मांग
एमएलए ग्यासपुरा ने डीजीपी गौरव यादव को लिखे पत्र में चार प्रमुख डिमांड रखी हैं। उन्होंने लिखा है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उनकी और उनके सहयोगियों की सुरक्षा और मजबूत की जाए। इन धमकियों के सोर्सों की गहन जांच की जाए। आरोपियों को पकड़ा जाए।