लुधियाना के माछीवाड़ा साहिब में आज शाम रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ रतिपुर रोड और सैनी कॉलोनी क्षेत्र में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक युवक की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि यह कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि दोनों गुटों ने बकायदा फोन पर ‘लड़ाई का समय’ तय किया था। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, विवाद की शुरुआत रतिपुर रोड पर हुई जहाँ दोनों गुटों की गाड़ियां आपस में टकराईं। इसके बाद मोटरसाइकिलों पर सवार दर्जनों युवक गाड़ियों का पीछा करने लगे। भागते-भागते ये गाड़ियां सैनी कॉलोनी में जा घुसीं, जहाँ आगे रास्ता बंद होने के कारण दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। ईंटों और पत्थरों से हुआ हमला रास्ता बंद होने पर युवक गाड़ियों से उतरे और वहां पड़ी ईंटों व अन्य हथियारों से एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। देखते ही देखते गली जंग का मैदान बन गई। सूत्रों का कहना है कि इस खूनी संघर्ष में करीब 30 से 40 युवक शामिल थे। वारदात के बाद हमलावर कुछ घायल साथियों को जबरन अपनी गाड़ियों में डालकर मौके से फरार हो गए। एक की मौत, दूसरा चंडीगढ़ रेफर इस हमले में दो युवक बुरी तरह लहूलुहान हो गए। इसमें गांव हेडो निवासी गगनदीप सिंह की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मनी की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। फोन कॉल पर तय हुई थी रंजिश की बिसात हैरान कर देने वाली बात यह सामने आ रही है कि दोनों गुटों के बीच पहले से ही तनातनी चल रही थी। सूत्रों के मुताबिक, फोन कॉल के जरिए एक-दूसरे को चुनौती दी गई थी और आज शाम का समय लड़ाई के लिए तय किया गया था। इसी योजना के तहत इतनी बड़ी संख्या में युवक हथियारों के साथ जुटे थे। भारी पुलिस बल तैनात, जांच शुरू वारदात की सूचना मिलते ही डीएसपी समराला प्रितपाल सिंह और थाना मुखी पवित्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने घटना स्थल को सील कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। डीएसपी प्रितपाल सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स के जरिए शामिल युवकों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।