लुधियाना में चाय और सिगरेट की रेहड़ी लगाने वाले एक व्यक्ति के अपहरण का मामला सामने आया है। फर्जी सीआईए स्टाफ के सदस्य बनकर बदमाशों ने व्यक्ति को कार की डिग्गी में लाद लिया और ले गए। थाना सराभा नगर की पुलिस ने इस केस में अढ़ाई महीने की जांच की और अज्ञात 7-8 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सर्विस लेन से जबरन उठाया शिकायतकर्ता मोहम्मद शाबर खान निवासी सेक्टर टाउन, बसंत सिटी के नजदीक, पक्कोवाल रोड ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका मामा ताजुद्दीन पुत्र निजामुद्दीन क्वालिटी चौक, रांची कॉलोनी इलाके में पान-सिगरेट और चाय की रेहड़ी लगाता है। पीड़ित के अनुसार 21 फरवरी 2026 को शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच कुछ अज्ञात युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने उसके मामा के साथ मारपीट की और जबरन उसे कार नंबर PB-10-GS-8234 की डिग्गी में डालकर ले गए। CIA ले जाना है कहकर किया अपहरण
शिकायत में बताया गया कि आरोपी खुद को “CIA लेकर जाना है” कहकर ताजुद्दीन को अपने साथ ले गए। इसके बाद उसे किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को शिकायत दी गई। थाना सराभा नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 140(3), 127(2), 115(2), 351(3) और 190 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और कार नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।