लुधियाना में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब दिन के उजाले में भी घर सुरक्षित नहीं हैं। थाना सदर के अंतर्गत आते धांदरा रोड स्थित गोल्डन सिटी-2 में एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए शातिर चोरों ने 1 लाख 38 हजार रुपए कैश और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत और जांच के बाद दो लोगों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। काम पर गया था परिवार, पत्नी लौटी तो उड़े होश गोल्डन सिटी-2 के रहने वाले शिकायतकर्ता कमलेश ने पुलिस को बताया कि 24 अप्रैल 2026 को वह रोजमर्रा की तरह अपने घर को ताला लगाकर काम पर चला गया था। घर पर कोई नहीं था। दोपहर करीब 2:30 बजे जब उसकी पत्नी सुषमा वापस घर लौटी तो उसने देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। घर में रखा कीमती सामान गायब था। कैश के साथ ये जेवरात ले गए चोर पीड़ित परिवार के मुताबिक चोरों ने घर में रखी 1,38,000 रुपए की नकदी पर हाथ साफ किया। इसके साथ ही गहनों के बॉक्स से एक सोने का लॉकेट (2 ग्राम), भारी चांदी की पायल (लगभग 100 ग्राम), सोने के टॉप्स (डेढ़ ग्राम), चांदी का कमरबंद, बच्चों के 3 सोने के लॉकेट और 3 चांदी के लॉकेट भी चोरी कर लिए गए। जांच के बाद दो आरोपी नामजद, तलाश जारी वारदात के बाद पीड़ित परिवार ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और अपने स्तर पर भी इसकी भनक लगाने की कोशिश की। शिकायतकर्ता के अनुसार छानबीन में यह बात सामने आई कि इस चोरी की घटना को हरजिंदर सिंह और मनजीत सिंह नामक व्यक्तियों ने अंजाम दिया है। मामले पर कार्रवाई करते हुए थाना सदर पुलिस ने 29 अप्रैल को कमलेश के बयानों के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 112(2), 305, 307, 331(3), और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।