लुधियाना के हैबोवाल इलाके में शुक्रवार को दिनदहाड़े बाइक सवार 2 बदमाश बुजुर्ग महिला के कानों से सोने की बालियां झपटकर फरार हो गए। यह घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकार्ड हो गई। इस घटना के बाद लोगों में सहम का माहौल है। काफी देर से गली में स्नेचर लगा रहे थे चक्कर जानकारी के अनुसार पूरा मामला संत विहार, राजन एस्टेट का है। कमलेश रानी (68) गली में अकेली कुर्सी पर बैठी थीं। इसी दौरान बाइक सवार 2 युवक गली में काफी देर से चक्कर लगा रहे थे। कुछ देर बाद दोनों उनके पास रुके और पैरों को हाथ लगाकर आशीर्वाद लेने लगे। 8 ग्राम की थी बालियां उन झपटमारों ने किसी का पता पूछा। कमलेश रानी को थोड़ा कम सुनाई देता है, इसलिए वह पास जाकर उनकी बात सुनने लगीं। इसी दौरान एक बदमाश ने उनके कानों से बालियां झपट लीं। बालियां 8 ग्राम की थी। बुजुर्ग ने किया पीछा, लेकिन फरार हो गए बदमाश वारदात के बाद आरोपी अपने साथी की बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए। महिला ने उनका पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन वे भाग निकले। इस दौरान महिला के दोनों कानों में गंभीर चोट आई है। CCTV में कैद हुई वारदात घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज में एक बदमाश बाइक चला रहा है, जिसने हेलमेट पहना हुआ था, जबकि दूसरा आरोपी सफेद टोपी पहने दिखाई दे रहा है। बाइक की नंबर प्लेट भी टूटी हुई बताई जा रही है। इलाके में दहशत, पुलिस पर सवाल घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए इलाके में पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। हमारी टीम अपने स्तर पर कर रही जांच- सब इंस्पेक्टर सब इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार ने कहा कि मामला ध्यान में है। हमारी टीम अपने स्तर पर जांच कर रही है। जल्द बदमाशों को काबू कर लिया जाएगा।