लुधियाना में अब घरों के बाहर बैठी महिलाएं भी सुरक्षित नहीं हैं। ताज़ा मामला कीर्ति नगर मोती नगर थाना इलाके से सामने आया है जहां बाइक सवार झपटमारों की ओर से एक महिला से मोबाइल छीनने का वीडियो सामने आया है ।पीड़िता सुशीला ने बताया कि वह अपने घर के बाहर बैठकर अपने पति से फोन पर बात कर रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया और अशोक नाम के किसी व्यक्ति का पता पूछने के बहाने उन्हें बातों में उलझाने लगा। सुशीला को जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह व्यक्ति किसी बड़ी वारदात की फिराक में है। जैसे ही महिला का ध्यान भटका उस व्यक्ति ने झपट्टा मारकर सुशीला का मोबाइल छीन लिया। 200 मीटर तक सड़क पर घसीटते ले गए स्नेचर मोबाइल छिनते ही सुशीला ने बहादुरी दिखाते हुए भाग रहे स्नेचर का कॉलर पकड़ लिया। आरोपी पास ही खड़े अपने 2 बाइक सवार साथियों की तरफ भागा और बाइक पर बैठ गया। सुशीला ने आरोपी को नहीं छोड़ा और उसे पकड़ने की कोशिश में बाइक के साथ ही दौड़ने लगी। बेखौफ स्नेचरों ने बाइक रोकने की बजाय रफ्तार बढ़ा दी जिससे सुशीला करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। CCTV में कैद हुई रूह कंपाने वाली फुटेज यह पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे महिला आरोपियों को पकड़ने के लिए जान की बाजी लगा देती है। शोर सुनकर पीड़िता का पूरा परिवार भी पीछे भागता नजर आ रहा है लेकिन तेज रफ्तार बाइक के कारण महिला कुछ दूर जाकर सड़क पर गिर गई और आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। 2 महीने पहले ही खरीदा था नया फोन रोते हुए पीड़िता सुशीला ने बताया कि उसने बड़े चाव से दो महीने पहले ही नया फोन खरीदा था। इस घटना में मोबाइल तो गया ही साथ ही सड़क पर घिसटने के कारण महिला को काफी चोटें भी आई हैं। पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज घटना की सूचना मिलते ही मोती नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही लुटेरे सलाखों के पीछे होंगे।