लेडी क्लर्क की गोली मारकर हत्या,VIDEO:करनाल में हेलमेट पहनकर आए युवक ने पिस्टल सिर से सटाकर फायर किया; कर्मचारी यूनियन की प्रधान थी

हरियाणा के करनाल में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक महिला क्लर्क की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला सेक्टर-9 में अपने घर के बाहर स्कूटी लॉक कर रही थी। इसी दौरान हेलमेट पहनकर आया युवक गोली मारकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक पिस्टल को सिर से सटाकर महिला को गोली मारता हुआ दिख रहा है। मृतका की पहचान डिंपल अरोड़ा (40) के रूप में हुई है। वह बिजली निगम में क्लर्क के साथ कर्मचारी यूनियन की प्रधान भी थीं। घटना के बाद SP नरेंद्र बिजारणिया मौके पर पहुंचे। विधायक जगमोहन आनंद भी पहुंचे और परिवार से बातचीत की। अभी हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला की हत्या की 3 तस्वीरें… जानिए घटना पर पड़ोसी और पति ने क्या बताया… खाना खाने घर आई थी डिंपल सेक्टर-9 के रहने वाले दिलबाग सिंह ने बताया कि डिंपल अरोड़ा के पति विमल अरोड़ा हैं। इनके तीन बच्चे हैं। दो बेटियां दीया, गुनगुन और एक बेटा देवांश है। दीया कनाडा रहती है। डिंपल दोपहर को खाना खाने के लिए घर आई थी। अचानक तेज आवाज आई। लोग बाहर आए तो डिंपल जमीन पर गिरी हुई थी। शुरुआत में लगा कि शायद उसे चक्कर आया है। पास गए तो उसके सिर से खून बह रहा था। हेलमेट पहनकर आए युवक ने गोली मारी दिलबाग सिंह ने बताया कि उन्होंने CCTV फुटेज चेक कि तो पता चला कि दोपहर को डिंपल घर के बाहर स्कूटी पर थी, तभी एक अज्ञात युवक हेलमेट लगाकर आया और उसके सिर में गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पति बोले- किसी से कोई रंजिश नहीं थी डिंपल के पति विमल अरोड़ा ने बताया कि उनकी किसी से रंजिश नहीं है। डिपंल डेली की तरह खाना खाने के लिए दिन में घर पर आई थी। बेटी गुनगुन ने डिंपल को गिरे हुए देखा। इसके बाद उसने परिवार को बुलाया। डिपंल के सिर से काफी खून निकल रहा था। उसे अस्पताल ले गए। जानिए CCTV में क्या दिख रहा…. घटना का एक 33 सेकेंड का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। दोपहर 1:11 बजे डिंपल स्कूटी लेकर घर के बाहर रुकती है। उससे कुछ दूरी पर एक युवक कार के पीछे बाइक पर आकर रुकता है। डिंपल अभी स्कूटी को लॉक ही कर रही होती है कि वह युवक हाथ में लिए कपड़े के पीछे पिस्टल छिपाकर लाता है और डिंपल के सिर से सटाकर गोली चला देता है। डिंपल मौके पर ही गिर जाती है। इसके बाद युवक भागकर अपनी बाइक स्टार्ट करता है और फरार हो जाता है। विधायक बोले- पुलिस जल्द मामला सुलझा लेगी परिवार से मुलाकात के बाद विधायक जगमोहन आनंद ने कहा- महिला बिजली निगम में कर्मचारी थी। सिर से सटाकर उन्हें गोली मारी गई। मौके पर SP साहब ने आकर भी जांच की। अभी जांच चल रही है। परिवार ने आरोप लगाया कि युवक रेकी कर रहा था। जल्द पुलिस इस मामले को सुलझा लेगी। SP बोले- आरोपी जल्द गिरफ्तार होगा SP नरेंद्र बिजारणिया ने कहा- घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। अभी हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। रंजिश समेत सभी एंगल पर जांच हो रही है। CCTV फुटेज भी चेक की गई। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *