शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब के घर पर रेड:सीवान में RJD विधायक पर जमीन कब्जाने का आरोप; 6 दिन पहले रद्द हुई अग्रिम जमानत याचिका

सीवान में पूर्व सांसद और मरहूम बाहुबली मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब के घर पर पुलिस ने रेड की है। सोमवार सुबह 8 बजे छापेमारी की गई। DIG निलेश कुमार, SP पुरन कुमार झा के साथ मुफ्फसिल और नगर थाने की पुलिस ओसामा के नए घर पहुंचे। छापेमारी के दौरान इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। आम लोगों की आवाजाही को भी सीमित किया गया। रेड करीब 2 घंटे चली। इसमें क्या कुछ मिला है, इस पर अधिकारी फिलहाल चुप हैं। ये पूरी कार्रवाई जमीन कब्जा करने और रंगदारी के एक मामले से जुड़ी है। दरअसल, महादेव थाने में एक डॉक्टर की जमीन को जबरन कब्जा करने का मामला दर्ज है। इस केस में रघुनाथपुर के विधायक का भी नाम है। उनसे जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की गई। पुलिस के मुताबिक, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। साक्ष्य जुटाने के क्रम में कई लोगों की संलिप्तता सामने आई है, जिनमें रघुनाथपुर के विधायक का नाम भी शामिल है। सीवान कोर्ट ने 6 दिन पहले ही इस मामले में विधायक की अग्रिम जमानत की याचिका खारिज कर दी थी। रेड से जुड़ी दो तस्वीर… 2 घंटे चली रेड, घर पर नहीं थे ओसामा-हिना ओसामा शहाब के घर पुलिस ने 2 घंटे रेड की। इस दौरान राजद विधायक ओसामा शहाब और शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस पूछताछ के लिए दोनों की तलाश कर रही है। कोर्ट के परमिशन से पैतृक घर पर भी छापेमारी DIG निलेश कुमार ने बताया, ‘पूरे मामले में कोर्ट से ऑर्डर लिया गया। इसके बाद टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। पुलिस ने बताया कि छापेमारी दो अलग-अलग स्थानों पर की गई। पहली रेड शहर (टाउन) क्षेत्र में की गई। दूसरी कार्रवाई विधायक के पैतृक आवास पर की गई, जो संबंधित थाना क्षेत्र में आता है। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर जांच-पड़ताल की और आवश्यक साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।’ क्या मिला, इस पर पुलिस चुप छापेमारी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ, इस सवाल पर पुलिस ने फिलहाल कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है। अधिकारियों का कहना है कि यह जांच का विषय है और उचित समय पर जानकारी साझा की जाएगी। अधिकारी ने कहा, ‘बरामदगी और अन्य तथ्यों के बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। यह जांच का हिस्सा है, आगे की कार्रवाई के बाद जानकारी दी जाएगी।” पुलिस ने फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई है। इस पूरे मामले में आरोप है कि एक डॉक्टर की जमीन को जबरन कब्जा करने की कोशिश की गई और इसमें रंगदारी जैसे गंभीर पहलू भी सामने आए हैं। 6 दिन पहले कोर्ट ने खारिज की अग्रिम जमानत याचिका सीवान कोर्ट ने 28 अप्रैल को इस मामले में राजद विधायक ओसामा शहाब की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। उस वक्त विधायक ओसामा शहाब के अधिवक्ता नवेन्दु शेखर दीपक ने बताया कि निचली अदालत के फैसले को चुनौती देते हुए अब उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दाखिल की जाएगी। इस मामले में गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र स्थित धरम परसा निवासी डॉ. विनय कुमार सिंह की पत्नी डॉ. सुधा सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में रघुनाथपुर से राजद विधायक ओसामा शहाब के साथ-साथ फरहान, सबीर समेत 30-35 नामजद और अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि सभी ने मिलकर मारपीट, लूटपाट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी जैसी गंभीर घटनाओं को अंजाम दिया। ओसामा ने लंदन से की है पढ़ाई ओसामा साहब का जन्म 12 जून 1995 को सिवान में हुआ है। उनकी शुरुआती पढ़ाई घर में हुई, बाद में वह दसवीं की पढ़ाई के लिए दिल्ली चल गए थे। वहां करनल सत्संगी पब्लिक स्कूल में उन्होंने पढ़ाई की थी। इसके बाद उन्होंने GD गोयनका स्कूल नई दिल्ली से 12वीं पास की। ओसामा आगे की पढ़ाई के लिए लंदन चले गए और यहां उन्होंने LLB की पढ़ाई की और फिर वह सीवान लौट आए। उनकी शादी साल 2021 में सीवान के ही जीरादेई के चांदपाली गांव के रहने वाले आफताब आलम की बेटी आयशा से हुई थी। 2021 में हुई थी ओसामा की शादी लंदन से वकालत पढ़कर लौटे ओसामा की शादी सीवान के ही जीरादेई के चांदपाली गांव के रहने वाले आफताब आलम की बेटी आयशा के साथ 2021 में हुई थी। ओसामा की पत्नी आयशा डॉक्टर हैं। उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस (MBBS) की पढ़ाई की है। ओसामा की शादी में तेजस्वी यादव भी शामिल हुए थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *