पत्नी पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाकर भारतीय सेना के एक जवान ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। इससे पहले जवान ने फेसबुक पर लाइव आकर बताया कि उसकी पत्नी शादी के 2 महीने बाद ही अपने प्रेमी के साथ भाग गई। मृतक की पहचान गुरदासपुर में बटला के गांव छित के रहने वाले कंवलजीत सिंह (30) के रूप में हुई है। करीब 3 साल पहले वह सेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में 17 सिख रेजिमेंट, जयपुर में तैनात थे। हाल ही में उन्हें अस्थायी नियुक्ति पर जबलपुर (मध्य प्रदेश) भेजा गया था। करीब 3 महीने पहले जवान की शादी हुई थी। शुक्रवार (22 मई) को जबलपुर में सफर के दौरान उन्होंने फेसबुक पर लाइव आकर अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए और जहर खा लिया। शनिवार को जवान का अंतिम संस्कार किया गया। वीडियो में फौजी ने ये बातें कहीं… शादी के दो महीने बाद प्रेमी संग भागी पत्नी मृतक की मां सुरजीत कौर ने रोते हुए बताया कि उनके इकलौते बेटे कंवलजीत सिंह की शादी इसी साल फरवरी 2026 में सरबजीत कौर नाम की युवती से हुई थी। शादी के महज 2 महीने बाद ही सरबजीत कौर रात के करीब 3 बजे अपने प्रेमी के साथ घर से भाग गई। कंवलजीत ने इस मामले की शिकायत थाना सदर पुलिस में भी दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार सुबह यूनिट से आया फोन सुरजीत कौर ने बताया कि शुक्रवार सुबह कंवलजीत की यूनिट से फोन आया, जिसमें बताया गया कि कंवलजीत ने सुसाइड कर लिया है। उसने फेसबुक पर लाइव आकर अपनी पत्नी और कुछ अन्य लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया। मां ने अब पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी पत्नी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ससुर को पहले ही दी थी जानकारी, नहीं हुई सुनवाई मृतक की बहन संदीप कौर ने भी अपनी भाभी और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संदीप के अनुसार, उसका भाई अपनी पत्नी और ससुर की हरकतों से बेहद परेशान था। कंवलजीत ने कई बार अपने ससुर को फोन कर यह बताया था कि सरबजीत के किसी अन्य व्यक्ति के साथ गलत संबंध हैं, लेकिन लड़की के पिता ने इन बातों को अनसुना कर दिया। जबलपुर में होगी कार्रवाई इस पूरे मामले पर थाना सदर की चौकी शेखूपुर के ASI रमेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने कंवलजीत की शिकायत के आधार पर पहले ही अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। हालांकि, खुदकुशी की यह घटना जबलपुर (मध्य प्रदेश) की सीमा में हुई है, इसलिए आगामी कानूनी और पुलिसिया कार्रवाई भी जबलपुर पुलिस की ओर से ही अमल में लाई जाएगी।