सिरसा में ट्रॉली पलटने से युवक की मौत:टायर के नीचे से मिट्टी हटाते समय हादसा; खाद भरकर राजस्थान जा रहे थे

सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-54 पर एक हादसा हो गया, जिसमें खाद से भरी ट्रॉली पलटने से एक युवक की मौत हो गई। यह घटना चौटाला चौकी के अंतर्गत गांव सकता खेड़ा के पास पेट्रोल पंपों के नजदीक हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान पंजाब के सरदूलगढ़ स्थित गांव भूदड़ निवासी 38 वर्षीय शरीफ सिंह के रूप में हुई है। शरीफ सिंह सकताखेड़ा गांव से मिट्टी और पराली से खाद तैयार कर अक्सर राजस्थान के खेतों में ले जाया करते थे। वहां पर पराली की खाद बनाकर बेचते हैं। इसी के लिए शनिवार सुबह करीब 10 बजे, शरीफ सिंह अपने एक साथी के साथ खाद से भरी ट्रॉली को सड़क पर ले जा रहे थे। इसी दौरान, भरी हुई ट्रॉली धंस गई। शरीफ सिंह और उनके साथी ट्रॉली के टायर के नीचे से मिट्टी निकालने का प्रयास कर रहे थे, तभी खाद से भरी ट्रॉली उन पर पलट गई। 2 बच्चों का पिता था शरीफ सिंह हादसे में शरीफ सिंह का साथी तो किसी तरह ट्रॉली के नीचे से निकलने में कामयाब रहा, लेकिन शरीफ सिंह पूरी तरह मिट्टी में दब गए। आसपास के लोगों ने घटना देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अन्य लोगों की मदद से शरीफ सिंह को मिट्टी से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शरीफ सिंह के परिजनों को घटना की जानकारी दी। मृतक के शव को डबवाली की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है। शरीफ सिंह के दो बेटे हैं, जिनकी उम्र 12 और 14 साल है। परिजनों के बयान पर इत्तेफाकिया कार्रवाई की थाने से मामले में जांच अधिकारी बेअंत सिंह ने बताया कि मृतक के पिता स्वर्ण सिंह के बयानों के आधार पर इत्तेफाकिया कार्रवाई की गई है। बाकी रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *