शिमला में BJP की ‘जन आक्रोश पदयात्रा’:महिला आरक्षण मुद्दे पर प्रदर्शन, नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर संशोधन विधेयक गिरने के खिलाफ मार्च

हिमाचल की राजधानी शिमला में बीजेपी आज (गुरुवार) ‘जन आक्रोश पदयात्रा’ निकालेगी। इसमें प्रदेशभर की महिलाएं शामिल होंगी। यह प्रदर्शन लोकसभा में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ में लाए गए संशोधन बिल के गिरने के विरोध में होगा। इस पदयात्रा के दौरान राज्य की कांग्रेस सरकार को लपेटा जाएगा। महिलाओं के आरक्षण को लेकर भारतीय जनता पार्टी इंडिया गठबंधन के खिलाफ देश में जगह-जगह प्रदर्शन कर रही है। इसी कड़ी में आज शिमला के चौड़ा मैदान में भी बीजेपी जन आक्रोश पदयात्रा करने जा रही है। इसके लिए बीती शाम प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा समेत बीजेपी के बड़े नेता शिमला पहुंच गए हैं। बीजेपी लगातार कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को महिला विरोधी बता रही है। प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि यह पदयात्रा महिलाओं के सम्मान, अधिकार और भागीदारी की आवाज को बुलंद करने का एक सशक्त मंच बनेगी, जिसमें प्रदेशभर से हजारों महिलाएं भाग लेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कार्यक्रम कांग्रेस की नीतियों के खिलाफ एक बड़ा जनआंदोलन साबित होगा। भाजपा प्रदेश सह-प्रभारी प्यार सिंह कंवर ने बताया कि इस पदयात्रा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं भाग लेंगी। उन्होंने कहा कि सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। 103 टनल पर रोके जाएंगे वाहन: कंवर प्यार सिंह कंवर ने कहा- सभी कार्यकर्ताओं के वाहनों को 103 टनल पर उतारकर निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा किया जाएगा। टेम्पो ट्रैवलर और छोटे वाहनों के लिए होराइजन पार्किंग निर्धारित की गई है, जबकि जिला महासू, सुन्नी मंडल, कसुम्पटी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली बसों के लिए टूटीकंडी बाइपास, जिला सोलन, सिरमौर, बिलासपुर, आनी और करसोग विधानसभा क्षेत्रों से आने वाली बसों के लिए तारादेवी-टूटू बाइपास में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक के लिए विशेष टीमें गठित यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पार्टी द्वारा विशेष टीमें भी गठित की गई हैं, जिसके लिए दिनेश ठाकुर, दीपक ठाकुर और इंद्र ठाकुर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *