संत अवतार सिंह जी की 38वीं बरसी आज:शाहकोट पहुंचेंगे CM मान, पंजाब के अहम मुद्दों पर करेंगे विशेष चर्चा; सुरक्षा कड़ी

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज शाहकोट स्थित निर्मल कुटिया सीचेवाल पहुंचेंगे। वह यहां संत अवतार सिंह जी की 38वीं वार्षिक बरसी के उपलक्ष्य में आयोजित धार्मिक समागम में शिरकत करेंगे और गुरु घर में माथा टेकेंगे। मुख्यमंत्री के पंजाब के अहम मुद्दों पर चर्चा करने और कार्यक्रम के बाद प्रेस वार्ता करने की संभावना भी है। शाहकोट के निर्मल कुटिया सीचेवाल में संत अवतार सिंह जी की 38वीं वार्षिक बरसी को समर्पित भव्य धार्मिक समागम आयोजित किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान विशेष रूप से पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। समागम में बड़ी संख्या में संगत पहुंच रही है। आयोजन को लेकर कुटिया प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बीच मीडिया से बातचीत करते हुए राज्यसभा सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने बताया कि आज से 38 वर्ष पहले संत अवतार सिंह जी ने नश्वर शरीर त्याग दिया था। उनकी पावन स्मृति में हर वर्ष यह समागम आयोजित किया जाता है। संत सीचेवाल ने भावुक होते हुए कहा कि वर्ष 1981 में जब संत अवतार सिंह जी सीचेवाल पहुंचे थे, उस समय वह स्वयं कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे। उसी दौरान महापुरुषों ने उन्हें गुरबाणी के मार्ग से जोड़ा। आज गांवों में सीवरेज सिस्टम, पवित्र काली बेईं और बुड्ढा दरिया की सफाई सहित जो भी लोक-सेवा के कार्य किए जा रहे हैं, या बाढ़ के समय राहत कार्यों में जो योगदान दिया गया, वह सब संत अवतार सिंह जी की शिक्षाओं और प्रेरणा का परिणाम है। सीएम भगवंत मान और निहंग जत्थेबंदियां होंगी शामिल संत सींचेवाल ने बताया कि इस समागम में देश-विदेश और अलग-अलग जगहों से विद्वान संत, निहंग जत्थेबंदियां, धार्मिक और राजनीतिक क्षेत्रों के लोग पहुंच रहे हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी विशेष तौर पर इस कार्यक्रम में शिरकत करने आ रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सीएम मान दोपहर 12:00 बजे शाहकोट पहुंचेंगे, जहां वह पंजाब के अहम मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं और प्रेस कॉन्फ्रेंस (वार्ता) भी कर सकते हैं। 38 किलोमीटर लंबी सड़क की मिलेगी सौगात इलाके के विकास की बात करते हुए संत सींचेवाल ने बताया कि सतलुज दरिया में आई बाढ़ से पहले जो नुकसान हुआ था, उसकी भरपाई के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के सामने कुछ जरूरी मुद्दे रखे थे। इस मांग पर संज्ञान लेते हुए सरकार द्वारा 38 किलोमीटर लंबी सड़क का टेंडर जारी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान जल्द ही इस सड़क परियोजना का नींव पत्थर (शिलान्यास) रखेंगे। अवैध माइनिंग और ओवरलोडेड गाड़ियों पर जताई चिंता सड़कों की खस्ताहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए संत सींचेवाल ने कहा कि इलाके में हो रही अवैध माइनिंग, डी-सिल्टिंग (नदियों से मिट्टी निकालना) और भारी पत्थरों को लादकर आने-जाने वाली ओवरलोडेड गाड़ियों के कारण सड़कें बुरी तरह टूट रही हैं। इन भारी वाहनों की वजह से पंजाब मंडी बोर्ड को भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिस पर रोक लगाना बेहद जरूरी है। अहम मुद्दों पर चर्चा की संभावना मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा है। माना जा रहा है कि इस दौरान वे राज्य के मौजूदा और महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श कर सकते हैं। निर्मल कुटिया सीचेवाल के प्रमुख और राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल के साथ पर्यावरण, जल संरक्षण और विकास कार्यों को लेकर भी बातचीत की संभावना है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए स्थानीय पुलिस और प्रशासन अलर्ट पर है। कुटिया और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वीआईपी मूवमेंट के चलते ट्रैफिक रूट में भी आवश्यक बदलाव किए गए हैं, ताकि आम जनता और संगत को किसी तरह की परेशानी न हो। कुटिया के सेवादारों ने भी स्वागत और आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। कार्यक्रम में अन्य प्रमुख धार्मिक हस्तियों के भी शामिल होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *