सीवान में एक बार फिर रोड रेज की घटना ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली सड़क विवाद में भाजपा नेता मनोज कुमार सिंह के भगिने हर्ष कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि हमलावरों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। देखें,मौके से आई तस्वीरें…
सिलसिलेवार पढ़ें, पूरा मामला… बहनोई पीएमसीएच पटना रेफर मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व एमएलसी, सीवान कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता मनोज कुमार सिंह के भगिने हर्ष कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं उनके बहनोई चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया है। दूसरी गाड़ी के साथ हुई टक्कर बताया जा रहा है कि चंदन सिंह अपने पुत्र हर्ष कुमार सिंह के साथ तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। वे सड़क किनारे वाहन खड़ा कर परिवार के अन्य सदस्यों का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान उनकी कार और दूसरी गाड़ी के बीच हल्की टक्कर हो गई। मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और विवाद बढ़ने पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में हर्ष को लगी गोली गोलीबारी में हर्ष कुमार सिंह को कई गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। एसपी-एसडीपीओ ने निरीक्षण किया घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। एसपी पुरन कुमार झा, एसडीपीओ अजय कुमार और नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस टीम सदर अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां मामूली विवाद भी जानलेवा साबित हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एसडीपीओ बोले-पुलिस जांच में जुटी एसडीपीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार शाम करीब छह बजे कमला प्रेस के पास कुछ अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की। इस गोलीबारी में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां पुत्र की मौत हो गई। वहीं पिता की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।