सुपौल में गुरुवार तड़के यात्रियों से भरी बस और एक ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर एनएच-27 किनारे के पास पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 24 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस पटना से उदाकिशुनगंज जा रही थी। घटना निर्मली थाना क्षेत्र के हरियाही स्थित हर्ष पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब 4 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के अनुसार, बस में करीब 40 से अधिक यात्री सवार थे। सभी यात्रियों को किसी न किसी रूप में चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। 8 लोगों को हायर सेंटर किया गया रेफर घायलों को आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली (SDH निर्मली) पहुंचाया गया, जहां 14 घायलों को भर्ती कर उनका इलाज शुरू किया गया। अस्पताल प्रबंधक मुकेश कुमार की देखरेख में डॉक्टरों की टीम ने तत्काल प्राथमिक उपचार दिया। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. आलोक राज ने बताया कि घायलों की स्थिति को देखते हुए 8 लोगों को गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के संबंध में घायलों ने बताया कि बस आगे बढ़ रही थी, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई। हादसे में बस और ट्रक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रक चालक भी वाहन में फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घटनास्थल की तस्वीरें…. घायलों में शामिल लोग इस हादसे में घायल हुए लोगों में मधेपुरा जिले के सोनबरसा निवासी अनिल राम (44), सुजीत कुमार(21), सुतीक्ष्ण कुमार(49), आलमनगर निवासी एमडी उस्ताद (65), उदाकिशुनगंज निवासी साहिल कुमार(18), रंजीत कुमार(48), नूतन देवी(40), मवालीधन निवासी अंकित कुमार(25) शामिल है। साथ ही, पटना के दानापुर निवासी 30 वर्षीय करण कुमार, 48 वर्षीय सुभद्रा देवी, जमुई निवासी ट्रक चालक 40 वर्षीय जितेंद्र कुमार, सुपौल के बसंतपुर निवासी 35 वर्षीय एमडी शहंशाह, मधेपुरा के ग्वालपाड़ा निवासी 26 वर्षीय पांडव कुमार तथा शंकरपुर निवासी 22 वर्षीय अनिल मंडल शामिल हैं। पुलिस ने वाहनों को हटाकर यातायात किया बहाल डॉ. आलोक राज के अनुसार, प्राथमिक उपचार के बाद ट्रक चालक जितेंद्र कुमार, एमडी शहंशाह, पांडव कुमार, अनिल मंडल, सुतीक्ष्ण कुमार, साहिल कुमार, सुजीत कुमार और एमडी मुस्ताद की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। इधर, निर्मली थानाध्यक्ष सियावर मंडल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात बहाल करने का काम किया गया। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।