सुमन वर्मा चौथी बार बनेंगी कांगड़ा नगर परिषद अध्यक्ष:पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भाजपा को दी करारी शिकस्त; 6 समर्थकों ने दर्ज की जीत

कांगड़ा नगर परिषद में पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुमन वर्मा का अध्यक्ष बनना तय हो गया है। वह चौथी बार इस पद पर आसीन होंगी। सुमन वर्मा वार्ड दो से लगातार सातवीं बार पार्षद चुनी गई हैं। नगर परिषद चुनाव में सुमन वर्मा के अलावा उनके छह समर्थकों भावना, अनिल, मोना, रंजीता और राजकुमारी ने भी जीत दर्ज की है। नौ सदस्यीय नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए पांच पार्षदों का बहुमत आवश्यक होता है। सुमन वर्मा और उनके 6 समर्थकों की जीत से बहुमत का आंकड़ा पार हो गया है। अपनी जीत पर सुमन वर्मा ने इसे कांग्रेस पार्टी की नीतियों और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह की जनहितैषी कार्यप्रणाली की जीत बताया। उन्होंने अपनी और अपनी टीम की जीत का श्रेय एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा को दिया। सुमन वर्मा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता शहर का विकास सुनिश्चित करना और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करना है। समर्थकों ने पूरे शहर में रैली निकाली जीत के बाद सुमन वर्मा के समर्थकों ने पूरे शहर में रैली निकालकर जश्न मनाया। अजय वर्मा भी समर्थकों के साथ बज्रेश्वरी माता मंदिर दर्शन के लिए गए। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को केवल एक सीट पर संतोष करना पड़ा। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा की पत्नी और पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष कोमल शर्मा अपनी सीट महज 11 वोटों के अंतर से बचा पाईं। डॉ. राजेश शर्मा के अधिकतर समर्थक चुनाव हार गए। भाजपा ने पहली बार सभी नौ वार्डों में उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन केवल शुभम ही जीत हासिल कर भाजपा की लाज बचा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *