कुरुक्षेत्र के शाहाबाद की अनाज मंडी में भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ने सूरजमुखी की सरकारी खरीद शुरू कराने तथा किसानों से अवैध वसूली करने वाले आढ़तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर धरना दिया। इस दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। धरने को संबोधित करते हुए भाकियू (चढ़ूनी) के प्रवक्ता राकेश बैंस ने कहा कि शाहाबाद अनाज मंडी में किसानों से आढ़तियों द्वारा अवैध वसूली किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। किसानों का आर्थिक शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा उन्होंने आरोप लगाया कि मंडी में किसानों को विभिन्न मदों के नाम पर अतिरिक्त भुगतान करने के लिए मजबूर किया जाता है, जिससे उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा सूरजमुखी की सरकारी खरीद 25 मई से शुरू करने की घोषणा की गई थी, लेकिन शाहाबाद अनाज मंडी में अभी तक सूरजमुखी की खरीद शुरू नहीं हुई है। इससे किसानों को अपनी फसल बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें निजी व्यापारियों पर निर्भर होना पड़ रहा है। किसान नेताओं ने मांग की कि सूरजमुखी की सरकारी खरीद तुरंत शुरू की जाए और किसानों से कथित अवैध वसूली करने वाले आढ़तियों की जांच कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरने में बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर किसानों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की।