सोलन नगर निगम चुनाव: BJP ने ‘संकल्प पत्र’ जारी किया:पार्किंग, CCTV और बहुमंजिला पार्किंग का वादा, सरकार-कांग्रेस शासित निगम पर जुबानी हमला

हिमाचल के सोलन नगर निगम चुनाव के लिए ‌BJP ने आज (मंगलवार को) अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने शहर के विकास, ट्रैफिक व्यवस्था, स्वच्छता, महिलाओं की सुरक्षा, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं को केंद्र में रखकर कई बड़े वादे किए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राजीव बिंदल ने कहा कि BJP का संकल्प पत्र सोलन के समग्र विकास का रोडमैप है। पार्टी ने संकल्प लिया है कि सोलन को हिमाचल का सबसे स्वच्छ, सुरक्षित, हरित और स्मार्ट शहर बनाया जाएगा। भाजपा प्रत्येक वार्ड में घर-घर कूड़ा संग्रहण की आधुनिक व्यवस्था लागू करेगी और वैज्ञानिक वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा हर घर तक स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल पहुंचाने, पानी की नियमित एवं समयबद्ध सप्लाई सुनिश्चित करने और लीकेज रोकने के लिए विशेष कार्ययोजना लागू करेगी। प्रत्येक वार्ड में समर्पित वाटर टैंक विकसित किए जाएंगे। शहर में नई सीवरेज लाइनों का विस्तार और सुधार किया जाएगा। शहर में बहुमंजिला पार्किंग बनाई जाएगी: बिंदल डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा शहर की सबसे बड़ी समस्या पार्किंग के स्थायी समाधान के लिए प्रमुख क्षेत्रों में बहुमंजिला पार्किंग निर्माण को प्राथमिकता देगी। बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में दोपहिया पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी तथा रेहड़ी-फड़ी वालों के लिए व्यवस्थित वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा चिट्टे और अन्य नशों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाएगी। स्कूलों और कॉलेजों में नशा जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ नशा माफियाओं के खिलाफ पुलिस और समाज के सहयोग से कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। भाजपा का लक्ष्य सोलन को चिट्टा मुक्त और नशा मुक्त बनाना है। रास्तों में बैठने की व्यवस्था करने का वादा बिंदल ने कहा कि भाजपा वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं विकसित करेगी। सार्वजनिक स्थलों और पैदल रास्तों पर बैठने की व्यवस्था की जाएगी। नगर निगम की सेवाओं का पूर्ण डिजिटलीकरण कर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, एनओसी और अन्य सेवाओं का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा। डॉ. बिंदल ने कहा कि निगम चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान कर विकास और सुशासन का मार्ग प्रशस्त करने की अपील की। राज्य सरकार और कांग्रेस शासित निगम पर निशाना साधा इस दौरान डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार और सोलन नगर निगम की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सोलन नगर निगम में पिछले वर्षों से कांग्रेस का शासन रहा। प्रदेश में सरकार कांग्रेस की, विधायक व मंत्री भी कांग्रेस का हैं, बावजूद इसके आज सोलन की जनता पानी, सफाई, पार्किंग और मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करने को मजबूर है। बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने वर्ष 2021 के नगर निगम चुनाव में बड़े-बड़े वादे किए थे और जनता को सपने दिखाए थे, लेकिन धरातल पर स्थिति पूरी तरह विपरीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने पुराने घोषणापत्र में मुफ्त कूड़ा उठान की बात कही थी, लेकिन वास्तविकता यह है कि कूड़ा शुल्क लगातार बढ़ाया गया और पूरा शहर कूड़े के ढेर में तब्दील हो गया। पहले 2021 के घोषणापत्र का हिसाब दें कांग्रेस: BJP डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस आज फिर नया घोषणापत्र जारी कर रही है, लेकिन जनता अब झूठे वादों और खोखली घोषणाओं को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने 2021 के घोषणापत्र का हिसाब देना चाहिए और बताना चाहिए कि आखिर कितने वादे पूरे हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *