हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष आवास घुसपैठ केस में 2 टीम गठित:डीएसपी बोले- हमले- एक्सटॉर्शन गैंग जैसी बात नहीं, संदिग्धों की तलाश में दबिश

हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नारनौल स्थित निवास में देर रात संदिग्ध लोगों के घुसने के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नारनौल दीपक कुमार ने विशेष टीमों का गठन किया है। इस बारे में डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए सीआईए इंचार्ज नारनौल और थाना सिटी एसएचओ के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच के दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्ति कैमरों में दिखाई दिए हैं, जिनकी पहचान और गतिविधियों की जांच की जा रही है। हमले जैसी बात नहीं आई सामने डीएसपी भारत भूषण ने कहा कि शुरुआती जांच में अब तक किसी एक्सटॉर्शन गैंग के शामिल होने या किसी प्रकार के हमले की बात सामने नहीं आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना के दौरान किसी व्यक्ति को शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा और न ही किसी तरह की फायरिंग या हमला हुआ है। हालांकि, पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। 16 मई को सुबह की घटना बता दें कि, 16 मई की सुबह करीब तीन बजे कुछ अज्ञात लोग राव नरेंद्र सिंह के निवास परिसर में घुस आए थे। उन्होंने वहां पर सबसे पहले सीसीटीवी की वायर काट दी थी। जाग हो जाने पर वे वहां से फरार हो गए थे। घटना के बाद राव नरेंद्र सिंह के भाई देवेंद्र राव ने पुलिस को सूचना दी गई थी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *