हरियाणा के युवक ने उत्तराखंड पुलिस को चाकू से डराया:देहरादून में नशे में बीच सड़क पर रोकी कार; टोकने पर पीछे दौड़ा

देहरादून में हरियाणा के एक युवक ने बीच सड़क पर कार खड़ी कर दी, जिससे लंबा जाम लग गया। इसके बाद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जब ट्रैफिक पुलिस ने युवक को गाड़ी हटाने के लिए कहा, तो उसने पुलिस को ही चाकू दिखा और डराने की कोशिश की। चाकू देखते ही पुलिसकर्मी भाग गए। इसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल को बुलाया गया और कड़ी मशक्कत के बाद 6 कर्मियों की मदद से उसे पकड़ा गया। तस्वीरें देखिए… सिलसिलेवार पढ़ें पूरी खबर… 1. बीच सड़क खड़ी की कार, लगा लंबा जाम- घटना 24 मई की शाम की है। हरियाणा निवासी विनय (निवासी भिवानी) ने जाखन के जोहड़ी तिराहे पर अपनी हुंडई वरना कार (HR 16AC 7177) को बीच सड़क पर खड़ा कर दिया। इससे लंबा जाम लग गया और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। 2. पुलिस को चाकू दिखाकर दी धमकी- जब मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने युवक को गाड़ी हटाने के लिए कहा, तो उसने सहयोग करने के बजाय बदसलूकी शुरू कर दी। युवक ने अपना आपा खो दिया और पुलिसकर्मियों को सब्जी काटने वाला चाकू दिखाकर डराने व हमले की कोशिश की। 3. 6 पुलिसकर्मियों ने मिलकर दबोचा- युवक के हाथ में हथियार और उसके उग्र व्यवहार को देखते हुए जाखन चौकी प्रभारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। भारी हंगामे के बीच करीब 6 पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर युवक को काबू किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। 4. नशे में होने की हुई पुष्टि- पुलिस ने जब आरोपी का एल्कोमीटर टेस्ट किया, तो उसके अत्यधिक नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत वाहन को सीज कर दिया। 5. डिप्रेशन से जूझ रहा- पूछताछ में पता चला कि विनय की पत्नी हाल ही में देहरादून के रायपुर स्थित अपने मायके आई थी और विनय भी अपनी ससुराल पहुंचा था। आरोपी की पत्नी ने पुलिस को बताया कि विनय साल 2021 से मानसिक तनाव (डिप्रेशन) से जूझ रहा है और दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। सीओ नितिन लोहानी ने बताया कि आरोपी के पास से एक चाकू बरामद किया गया है। सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग और यातायात नियमों के उल्लंघन में कड़ी कार्रवाई की गई है। आरोपी के मेडिकल इतिहास और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ———————————————- ये खबर भी पढ़ें… गंगा दशहरा- हरिद्वार में 5 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी: गंगोत्री में 1 लाख लोग गंगा आरती देखने पहुंचे; कुमाऊं में द्वार पत्र लगे उत्तराखंड में आज गंगा दशहरा मनाया जा रहा है। हरिद्वार की हरकी पौड़ी पर अब तक 5 लाख के करीब श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगा चुके हैं। वहीं, उत्तरकाशी स्थित गंगोत्री धाम में एक लाख से ज्यादा लोग मां गंगा के दर्शन करने पहुंचे। (पढ़ें पूरी खबर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *