बिहार में दो तरह का मौसम है। दक्षिण बिहार के कई इलाके में गर्मी का सिलसिला जारी है। राज्य में इस सीजन पहली बार अधिकतम तापमान 46 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। वहीं दूसरी ओर उत्तर और पूर्वी बिहार में तेज हवा और बारिश की संभावना है। खगड़िया में सुबह से तेज बारिश हो रही है। जबकि बेगूसराय में काले बादल हैं, तेज हवा चल रही। इधर, भागलपुर में सोमवार देर शाम आई आंधी में पेड़ गिरा, जिसमें दबकर महिला की मौत हो गई। मौसम की डिटेल नीचे बताएंगे, उससे पहले नौतपा के दौरान सेहत का ख्याल रखने वाली ये दो खबरें पढ़ लीजिए…
1. नौतपा में लू से बचें: शरीर को रखें कूल, सुबह खाएं ये 8 फल, ये 9 ड्रिंक्स शरीर को भीतर से रखेंगे ठंडा नौतपा के 9 दिनों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच जाता है। तेज धूप, लू और हाई टेम्परेचर से थकान, डीहाइड्रेशन, चक्कर और हीट स्ट्रोक का रिस्क बढ़ जाता है। पूरी खबर पढ़ें… 2. क्रॉनिक डिजीज है तो नौतपा में सावधान: हीट स्ट्रोक का रिस्क ज्यादा, ये 11 संकेत इग्नोर न करें, तुरंत डॉक्टर से मिलें नौतपा में गर्मी चरम पर होती है। हाई टेम्परेचर में शरीर का नेचुरल कूलिंग सिस्टम कमजोर पड़ने लगता है। जिन लोगों को पहले से कोई बीमारी है, उनके लिए यह समय और भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। पूरी खबर पढ़ें… आज 26 जिलों में बारिश की संभावना मौसम विभाग ने आज यानी मंगलवार को 26 जिलों में आंधी और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें 15 जिलों सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया के लिए ऑरेंज अलर्ट है। जबकि 11 जिलों पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बेगूसराय, मुंगेर, भागलपुर, बांका, जमुई और पटना के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 60kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है। साथ ही तूफान-आंधी के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। वहीं सोमवार को मोतिहारी, शिवहर, सुपौल, मधेपुरा और किशनगंज में तेज हवा और आंधी के साथ बारिश हुई। शिवहर में बारिश के दौरान ओले भी गिरे। बीते 24 घंटे में रोहतास का तापमान 46 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। क्यों अचानक बदल रहा बिहार का मौसम इस बार मौसम में बदलाव की सबसे बड़ी वजह “हीट लो प्रेशर बेल्ट” और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाओं का टकराव माना जा रहा है। बिहार की जमीन लगातार कई दिनों से तेज धूप के कारण अत्यधिक गर्म हो चुकी है। इससे वातावरण में नीचे की हवा तेजी से ऊपर उठ रही है और कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। दूसरी तरफ बंगाल की खाड़ी से नमी से भरी हवाएं बिहार की ओर बढ़ रही हैं। जब गर्म और ठंडी नमी वाली हवाएं आपस में टकराती हैं, तब अचानक बादल बनते हैं और तेज आंधी, बारिश व वज्रपात जैसी स्थिति पैदा होती है। मौसम वैज्ञानिक इसे “प्री-मानसून एक्टिविटी” का असर बता रहे हैं। मौसम से जुड़ी कल की तस्वीरें देखें… पहली बार 46 डिग्री पहुंचा तापमान इस सीजन में पहली बार बिहार का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। रविवार को रोहतास के डेहरी में अधिकतम तापमान 46 डिग्री दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा औरंगाबाद में 44.5, कैमूर में 44.4, बक्सर में 43.1 और गया में 43 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। भीषण गर्मी की वजह से दोपहर के समय सड़कें लगभग खाली नजर आईं। गर्म हवाओं और तेज धूप ने लोगों को घरों में रहने को मजबूर कर दिया। मौसम विभाग ने दक्षिण बिहार में गंभीर हीटवेव जैसी स्थिति बताते हुए बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। पटना में आज कैसा रहेगा मौसम राजधानी में मंगलवार को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। दिनभर उमस और गर्मी बनी रहेगी। लेकिन शाम या रात के समय बादल छाने और हल्की बारिश हो सकती है। तेज हवा चलने की भी संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। हालांकि दिन का तापमान अभी भी सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 26 से 30 मई के बीच बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय बना रहेगा। बिहार के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। मौसम विभाग का मानना है कि बारिश की गतिविधियां बढ़ने से मई के अंतिम सप्ताह में लोगों को भीषण गर्मी और लू से कुछ राहत मिल सकती है।