हरियाणा के हांसी के चैनत गांव में भाखड़ा पाइपलाइन से पानी का कनेक्शन देने की मांग को लेकर चल रहा ग्रामीणों का धरना पर कंट्रोवर्सी बढ़ गई है। पिछले करीब 12 दिनों से जारी इस आंदोलन के खिलाफ हांसी शहर के लोगों ने मोर्चा खोल दिया है। शहरवासियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर गांव चैनत को अपना पानी देने का विरोध जताया है। इसको लेकर प्रतिनिधिमंडल ने हांसी डीसी राहुल नरवाल से मुलाकात की है और तर्क दिया कि भाखड़ा नहर से हांसी शहर के लिए बिछाई जा रही पाइपलाइन से शहर की पेयजल जरूरतों को पूरा किया जाना है। यदि इस लाइन से किसी गांव या अन्य क्षेत्र को कनेक्शन दिया जाता है, तो शहरवासियों के हिस्से का पानी प्रभावित होगा और भविष्य में गंभीर पेयजल संकट पैदा होने की आशंका है। कांग्रेस विधायक-सांसद धरने पर पहुंचेंगे वहीं आज महापंचायत के दिन कांग्रेस सांसद जयप्रकाश और विधायक धरना स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को अपना समर्थन देंगे। चैनत गांव के ग्रामीणों ने भी आंदोलन को और मजबूत करने के लिए आज बड़ी महापंचायत बुलाई गई है। महापंचायत में बड़ी संख्या में आसपास के गांवों के लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने डीजीपी को दी शिकायत दो दिन पहले, धरना स्थल पर पहुंचे हांसी के विधायक विनोद भयाना को ग्रामीण अनूप ने खरी-खोटी सुनाई थी। इस दौरान अनूप ने मीडिया और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों पर भी गंभीर आरोप लगाए थे। इस घटनाक्रम के बाद, मामला और गरमा गया। हिसार की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी पत्रकार कैलाश चंद्र ने अनूप और उनकी पत्नी के खिलाफ एडीजीपी को शिकायत भेज दी है। शिकायत में दोनों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।