हिमाचल के मंदिर में 100 ग्राम सोने का हार चढ़ाया:महाराष्ट्र से आए श्रद्धालु बोले- मां की कृपा से मन्नत पूरी हुई

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के माता ब्रजेश्वरी मंदिर में एक श्रद्धालु ने 100 ग्राम सोने का हार चढ़ाया। महाराष्ट्र के पुणे से आए श्रद्धालु ने यह हार भेंट किया। इसकी कीमत लगभग 16 लाख रुपए बताई जा रही है। मंदिर अधिकारी शिवाली ठाकुर ने बताया कि महाराष्ट्र के पुणे निवासी विनोद एन शर्मा ने यह हार चढ़ाया है। विनोद शर्मा अपने परिवार सहित माता के दरबार में दर्शन करने पहुंचे थे। उनके साथ उषा शर्मा, हेमंत, तरुण और मनोज भी मौजूद रहे। मंदिर अधिकारी की मौजूदगी में चढ़ाया हार विनोद शर्मा ने मंदिर अधिकारी शिवाली ठाकुर की उपस्थिति में विधिवत रूप से 100 ग्राम सोने का हार मां वज्रेश्वरी के चरणों में अर्पित किया।विनोद एन शर्मा ने बताया कि उनका परिवार लंबे समय से कांगड़ा स्थित माता वज्रेश्वरी मंदिर में दर्शन के लिए आता रहा है और मां के प्रति उनकी गहरी आस्था है। उन्होंने बताया कि परिवार की एक मनोकामना पूरी होने के बाद उन्होंने माता के चरणों में यह सोने का हार अर्पित करने का संकल्प लिया था, जिसे अब पूरा किया गया है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालु परिवार की इस भेंट के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं, मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं ने भी माता के प्रति दिखाई गई इस श्रद्धा और भक्ति की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *