हिसार डीसी आवास से कब्जा हटाएगी JCB:कॉकरोच जनता पार्टी के सदस्य पहुंचेंगे, बोले- पार्क की जगह कब्जाई हुई

हिसार शहर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के बीच आज बुधवार को कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ता हिसार डीसी आवास पहुंचेंगे और पब्लिक पार्क पर से कब्जा हटवाएंगे। मदद संस्था के अध्यक्ष संजीव भोजराज ने बताया कि वह कॉकरोच जनता पार्टी के वर्कर हैं और शहर में प्रशासन द्वारा कब्जाई जमीनों व पार्कों को छुड़वा रहे हैं। इसी कड़ी में आज वह जेसीबी लेकर डीसी आवास पहुंचेंगे। संजीव भोजराज का कहना है कि करीब 3 एकड़ पार्क पर डीसी ने कब्जा किया हुआ है। यह पार्क पब्लिक का है मगर डीसी ने अपने आवास से सटे इस पार्क पर नाजायज कब्जा किया हुआ है। इसे आज अतिक्रमण मुक्त करवाया जाएगा। संजीव भोजराज ने बताया कि एक दिन पहले वह पार्क की पैमाइश कर चुके हैं और आज कब्जा छुड़वाएंगे। कब्जे नहीं छुड़वाए, तो कार्रवाई करेंगे संजीव भोजराज ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि ये अवैध कब्जे नहीं हटाए गए, तो अगली बार पार्टी खुद कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि शहरभर में निगम और एचएसवीपी हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देकर अतिक्रमण हटा रहे हैं, लेकिन अधिकारी स्वयं नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। संजीव भोजराज ने बताया कि वह जल्द ही हाईकोर्ट में एक याचिका लगाएंगे और निगम, एचएसवीपी और बीएंडआर की जमीनों पर सरकारी कब्जे को छुड़वाएंगे। नगर निगम के मुख्य गेट पर 150 गज जगह पर कब्जा भोजराज ने आरोप लगाया कि निगम कार्यालय के मुख्य गेट के दोनों ओर ग्रिल लगाकर लगभग 150 गज जगह पर अवैध कब्जा किया गया है। मौके पर माप-तोल करते हुए उन्होंने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी लगातार जनता की आवाज उठा रही है और आम लोगों के साथ हो रहे भेदभाव को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन गरीब दुकानदारों, रेहड़ी संचालकों और आम जनता पर कार्रवाई कर रहा है, जबकि सरकारी कार्यालयों के बाहर हुए कब्जों को नजरअंदाज किया जा रहा है। संजीव भोजराज ने स्पष्ट किया कि शुक्रवार को वे केवल अधिकारियों को सचेत करने और अवैध कब्जों की याद दिलाने के लिए जेसीबी लेकर पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *