पटना के नौबतपुर में शनिवार को एक महिला का शव बरामद किया गया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से 8 फिट गहरा गड्ढा खोदकर महिला के शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मृतका की पहचान नौबतपुर थाना क्षेत्र के अजवां गांव की रहने वाली रूपा कुमारी (23) के रूप में हुई है। परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या कर शव को दफनाने का आरोप लगाया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या के चार दिन बाद उसके शव को बरामद किया है। लाश निकाले जाने की 3 तस्वीरें देखिए… अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा मामला दो महीने पहले हुई थी रूपा की शादी मृतका के पिता शिवशंकर यादव ने बताया कि 25 फरवरी 2026 को रूपा कुमारी की शादी चेसी गांव निवासी प्रद्युम्न कुमार से की थी। अपनी हैसियत के मुताबिक शादी में बाइक, 5 लाख रुपए कैश, सोने की चेन और अंगूठी समेत अन्य सामान दहेज में दिया था। इसके बावजूद ससुराल वालों की मांगें खत्म नहीं हुईं। दहेज के लिए रूपा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल वालों ने दी थी सुसाइड करने की सूचना शिवशंकर यादव ने बताया कि 20 अप्रैल को रात करीब 11:55 बजे रूपा से बात हुई थी। इस दौरान उसने खुद को ठीक बताया था। हालांकि, अगले ही दिन 21 अप्रैल की सुबह करीब 8 बजे ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर सूचना दी गई कि रूपा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने के बाद हमलोग सुबह 8:30 बजे रूपा के ससुराल पहुंचे तो वहां ससुराल पक्ष का कोई सदस्य मौजूद नहीं था और न ही रूपा का शव मिला। इस कारण हमलोगों का शक गहरा हो गया। इसके बाद हमलोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी और इसको लेकर शिकायत दर्ज करवाई। मृतका के भाई धीरज कुमार ने बताया कि हमारी बहन को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल पक्ष ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी करें। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कराई गई खुदाई नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मामला सामने आने के बाद से पुलिस लगातार रूपा की तलाश में जुटी थी। पूछताछ और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि हत्या के बाद शव को गांव के बाहर बधार में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया है। इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में चेसी बधार में खुदाई कराई गई, जहां करीब 8 से 10 फीट गहरे गड्ढे से रूपा कुमारी का शव बरामद किया गया। पुलिस को आशंका है कि हत्या से पहले साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाने की भी कोशिश की गई थी। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू कर दी गई है।