चंबा जिले के तीसा क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नियमित गश्त के दौरान एक व्यक्ति को 6 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी तिस्सा पुलिस थाना टीम द्वारा की गई। जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम बीती रात भंजराड़ू स्थित हेलीपैड के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने लगीं। संदेह होने पर पुलिस ने युवक को रोका, पूछताछ की और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास से 6 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ मादक द्रव्य पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी चुराह का रहने वाला गिरफ्तार आरोपी की पहचान 44 वर्षीय शाहिद खान उर्फ हैप्पी के रूप में हुई है। वह वजीर मोहम्मद का पुत्र और गांव धनजू, डाकघर खुशनगरी, तहसील चुराह, जिला चंबा का निवासी है। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों का पता लगाया जा सके। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेंगी। पुलिस का लक्ष्य समाज को नशामुक्त बनाना एसपी सकलानी ने आम जनता से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस मुहिम में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया, जिसका उद्देश्य समाज को नशामुक्त बनाना है।