सिरसा में इकलौते बेटे ने किया सुसाइड:माता-पिता शॉपिंग करने गए थे; लौटने पर पंखे से लटका मिला शव

सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। मृतक की पहचान प्रधान सिंह के रूप में हुई है और वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। सूचना मिलने पर डबवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार, ये घटना शुक्रवार रात्रि की है। वार्ड नंबर पांच के कबीर नगर के मृतक के पिता अंग्रेज सिंह अपने घर पर ही किरयाना की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार शाम को परिवार के सदस्य किसी काम से बाजार गए हुए थे और अंग्रेज सिंह भी घर पर नहीं थे। इस दौरान उनका 19 वर्षीय बेटा प्रधान सिंह घर पर अकेला ही था। इसी समय उसने पीछे से अपने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड के कारणों का नहीं खुलासा रात करीब 8 बजे जब परिजन बाजार से घर लौटे, तो उन्होंने अपने बेटे प्रधान को पंखे से लटका हुआ देखा। परिजनों ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद मोहल्ले के लोग इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी गई। अभी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज करने में जुटी है। आज शनिवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पहले सीएससी सेंटर पर करता था काम मृतक प्रधान सिंह पहले एक सीएससी सेंटर पर काम करता था, लेकिन पिछले दो दिनों से वह काम पर नहीं जा रहा था और घर पर ही रह रहा था। सूचना मिलते ही डबवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर डबवाली के सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *